आज अररिया में रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

एसएसबी 52 वीं बटालियन के प्रशासनिक भवन का करेंगे उद्घाटन

सिकटी. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के गुरुवार को आगमन काे लेकर पदाधिकारियों के वाहन हूटर लगातार बज रहे हैं. गृहमंत्री प्रखंड के लेटी स्थित एसएसबी के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का लोकार्पण व सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेंगे. क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज को वे कई उपहार भी देंगे. चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. एसएसबी व पुलिस विभाग के अधिकारी व जिला स्तरीय पदाधिकारी की लगातार बैठकों का दौर जारी है. गृहमंत्री के आगमन पर कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है. क्षेत्र के चप्पे चप्पे की गहन जांच की जा रही है.

विशेष सुरक्षा दस्ता ने किया पूर्वाभ्यास

गृहमंत्री के आगमन से पूर्व मंगलवार को हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर के उतरने के अभ्यास के साथ विशेष सुरक्षा दस्ता की ओर से विशेष पूर्वाभ्यास किया गया. गृहमंत्री की सुरक्षा में नियुक्त कर्मियों को वरीय पदाधिकारी द्वारा विशेष निर्देश जारी किये जा रहे हैं. इसमें एसएसबी, बीएसएफ व पुलिस सुरक्षा की मल्टी लेयर व्यवस्था की गयी है. खासकर एसएसबी व विशेष दस्ता के स्वान दल भी इसमें शामिल हैं.

स्वास्थ्य विभाग व अग्निशमन विभाग भी अलर्ट पर

गृहमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सक्रिय है. मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मी ने बताया कि हमलोग मॉक ड्रिल में शामिल होने आये हैं. गृहमंत्री के आगमन पर तीन एंबुलेंस समेत चिकित्सक, एएनएम व दूसरे स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहेंगे. इसके साथ ही अग्निशमन विभाग ने अपने कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया है, ताकि किसी भी विषम परिस्थितियों में आपातकालीन सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

एसएसबी कैंप तक जाने वाले रास्ते पर की बेरिकेडिंग

जानकारी अनुसार एसएसबी लेटी केंप के प्रशासनिक भवन के लोकार्पण के लिए गृहमंत्री के आगमन को लेकर कैंप तक जाने वाले सभी रास्ते पर बेरियर लगाया गया है, जिससे किसी तरह का कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हो. इसके साथ ही इस बैरियर पर सुरक्षा जांच व सघन वाहन जांच की जायेगी. हालांकि गृहमंत्री का यह कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है, बावजूद उनकी एक झलक पाने के लिए ग्रामीण उत्सुक हैं.

कुछ इस प्रकार से रहेगा केंद्रीय गृह मंत्री का अररिया में कार्यक्रम

10.45 बजे किशनगंज एमजीएम कॉलेज से हेलीकॉप्टर से अररिया जिले के लेटी के लिए उड़ान भरेंगे.

11:05 बजे हेलीकॉप्टर से अररिया जिले के सिकटी प्रखंड के एसएसबी 52 वीं वाहिनी के लेटी कैंप पहुंचेंगे.

11:15 से 12.15 बजे तक एसएसबी 52 वीं वाहिनी के लेटी कैंप में विभिन्न लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे.

12.25 बजे हेलीकॉप्टर से अररिया पुलिस लाइन में बनाये गये हेलीपैड स्थल के लिए लेटी से प्रस्थान.

12.45 बजे हेलीकॉप्टर से अररिया शहर आगमन.

12:50 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड स्थल से सड़क मार्ग से अररिया समाहरणालय के लिए प्रस्थान.

12:50 से 01:30 बजे समाहरणालय में ही भोजन.

1:30 बजे से 3:30 बजे तक समाहरणालय में बिहार के सीमावर्ती सात जिलों के डीएम-एसपी के साथ बैठक.

3:30 बजे से 3:45 तक बजे विशेष अधिकारियों के साथ दूसरे चरण की बैठक.

3:45 से 04:45 बजे तक वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के कार्यान्वयन पर बैठक

04:50 अररिया समाहरणालय से अररिया पुलिस लाइन हेलीपैड स्थल के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान.

05:05 बजे अररिया शहर से पूर्णिया जिले के लिए प्रस्थान.

आगमन के दौरान रहेगी मल्टीलेयर सुरक्षा व्यवस्था

अररिया. केंद्रीय गृह मंत्री सह सहकारिता मंत्री अमित शाह जेड प्लस सुरक्षा व एएसएल प्रोटेक्ट है. इन्हें सीआरपीएफ भी सुरक्षा कवर प्रदान करती है. जिले में एसएसबी के द्वारा भी उन्हें सुरक्षा कवर दिया जायेगा. जबकि अररिया पुलिस की भी सुरक्षा लेयर उन्हें मिलेगी. वहीं विशेष शाखा के पदाधिकारी के द्वारा एएसएल का कार्य भी संपादित किया जायेगा. एएसएल (एडवांस सिक्योरिटी लाइजन) के द्वारा सूक्ष्म निरीक्षण कार्य को संपादित किया गया है.

मिलने वालों को भी मेटल डिटेक्टर व स्नीफर डॉग स्क्वायड की जांच से होगा गुजरना

अररिया. केंद्रीस गृह मंत्री सह सहकारिता मंत्री अमित शाह की सुरक्षा कड़ी होगी. खुफिया विभाग की सूत्रों की मानें तो उन्हें आतंकवादी संगठनों से खतरा है. ऐसे में पूर्व के घटनाओं की समीक्षा के बाद उनकी सुरक्षा के लिए एक्सेस कंट्रोल एवं एंटी सेबोटेज चेकिंग की व्यवस्था होगी. उनकी सुरक्षा के लिए उनसे मिलने वालों को भी मेटल डिटेक्टर व स्नीफर डॉग स्क्वायड की जांच से गुजरना होगा. हालांकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ केंद्रीय गृह विभाग के सचिव भी होंगे. इसके साथ ही खुफिया विभाग के वर्तमान निदेशक भी अररिया में मौजूद रहेंगे, इसलिए सुरक्षा की व्यवस्था कई चरणों में रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >