नरपतगंज के सिमराही में मक्का सुखाने को लेकर विवाद, मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल, प्राथमिकी दर्ज

Narpatganj Assault Case: खेतों में मक्के की फसल की रखवाली और सुखाने जैसे मामूली से विवाद ने नरपतगंज में खूनी रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में एक युवक को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाना पड़ा, जिसके बाद अब पुलिस एक्शन मोड में है.

Narpatganj Assault Case: अररिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट: नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र की मिरदौल पंचायत के वार्ड संख्या 12 सिमराही गांव में एक मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस हिंसक झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नरपतगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

मक्के की फसल देखने गए युवक पर जबरन हमला

घायल युवक की पहचान सिमराही गांव (वार्ड 12) निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र विवेक कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में की गई है. नरपतगंज थाने में दिए गए आवेदन में पीड़ित के पिता उपेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र विवेक कुमार घर के पास ही अपने मक्के की फसल की देखरेख करने गया था. इसी दौरान गांव की सड़क पर दूसरे पक्ष के नीरज कुमार द्वारा मक्का सुखाया जा रहा था. जब विवेक वहां से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते के इसी विवाद को लेकर नीरज कुमार ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए जबरन लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, अस्पताल में कराया भर्ती

मारपीट के दौरान युवक की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों को आते देख हमलावर वहां से फरार हो गया. परिजनों ने खून से लथपथ विवेक को आनन-फानन में नरपतगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया गया. डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच और कार्रवाई शुरू

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित परिवार सीधे नरपतगंज थाना पहुंचा और नामजद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए आवेदन दिया. इस पूरे मामले को लेकर नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को मारपीट से जुड़ा आवेदन प्राप्त हो चुका है. पीड़ित के पिता के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की पूरी तफ्तीश के लिए गांव में भेजी गई है, जल्द ही दोषी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read: बारूद से बहार तक, 59 साल बाद कितनी बदल गई नक्सलवाद को जन्म देने वाली ‘नक्सलबाड़ी’ की धरती

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >