Araria News: अररिया पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक कथित बड़े स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 604.2 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार व्यक्ति एक ऐसे नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है जो व्यापक स्तर पर मादक पदार्थों की डिलीवरी करता है. अब उसके नेटवर्क, सप्लाई रूट और संभावित सहयोगियों की जांच तेज कर दी गई है.
जीरोमाइल के पास डिलीवरी से पहले दबोचा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि अररिया थाना क्षेत्र के जीरोमाइल स्थित एकराम बाबू के एचपी पेट्रोल पंप के उत्तर की ओर सड़क पर एक तस्कर किसी व्यक्ति को स्मैक की डिलीवरी देने वाला है.
सूचना मिलते ही अररिया थाना और डीआईयू की टीम ने इलाके में घेराबंदी की. इसी दौरान बस से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया.
मालदा निवासी मो. इफ्तार शेख की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. इफ्तार शेख (27 वर्ष) के रूप में हुई है.
वह लखीपुर बोगदर टोला, थाना वैष्णव नगर, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) का रहने वाला है.
तलाशी के दौरान उसके पास से 604.2 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.
अररिया थाना में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में अररिया थाना कांड संख्या 425/2026 दर्ज किया गया है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
एसपी बोले- बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा से संचालित एक ऐसे गिरोह से जुड़ा प्रतीत होता है जो बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की आपूर्ति करता है.
उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह किन-किन जिलों और राज्यों में स्मैक की डिलीवरी करता था.
एसपी के अनुसार, मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
Araria News: इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अररिया थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, पुअनि राजनारायण यादव, डीआईयू टीम और गृहरक्षक जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?
