अररिया के फारबिसगंज में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 15 May 2026 1:33 PM
Araria Road Accident
Araria Road Accident: फारबिसगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके को झकझोर दिया. अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Araria Road Accident: फारबिसगंज–रानीगंज मुख्य मार्ग एसएच-77 के परवाहा चौक और परवाहा–छातापुर मुख्य मार्ग स्थित घिवाह कमला पुल के समीप हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गयी. दोनों घटनाओं में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
बारात जाने के दौरान हुआ पहला हादसा
पहली घटना परवाहा चौक के समीप हुई, जहां बाइक सवार 25 वर्षीय सुनील कुमार की मौत हो गयी. मृतक की पहचान टेढ़ी मुसहरी पंचायत वार्ड संख्या-03 निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार अपने साथी के साथ बाइक से अपने ममेरे भाई की बारात में शामिल होने नरपतगंज जा रहे थे. इसी दौरान परवाहा चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही परवाहा पुलिस कैंप प्रभारी सुभाष प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दूसरे हादसे में भी गयी युवक की जान
दूसरी सड़क दुर्घटना परवाहा–छातापुर मुख्य मार्ग स्थित घिवाह के कमला पुल के पास हुई. इस हादसे में 30 वर्षीय हीरालाल सरदार की मौत हो गयी.
पुलिस के अनुसार हीरालाल सरदार बाइक से परवाहा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कमला पुल के समीप एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन इलाज के लिए बाहर ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गयी.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मनोज कुमार और पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया है.
Also Read: किशनगंज में शॉर्टकट के चक्कर में पटरी पार कर रहे यात्री, स्टेशन पर हर पल हादसे का खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










