मजदूरी के लिए नदी पार कर रहे युवक की डूबने से मौत, पुल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश

अररिया जिले के टीकाटोला गांव में मजदूरी के लिए नदी पार कर रहे 35 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य खोने से कोहराम मच गया है. ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को फिर से उठाया है.

River Tragedy: अररिया जिले के महलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरह पंचायत के टीकाटोला गांव में गुरुवार सुबह नदी पार कर मजदूरी के लिए जा रहे 35 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया. ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग एक बार फिर उठाई है.

मजदूरी के लिए नदी पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार टीकाटोला गांव निवासी 35 वर्षीय रुस्तम उर्फ तसाम, स्व. हयुल के पुत्र, रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब नौ बजे मजदूरी के लिए नदी पार कर दूसरे गांव जा रहे थे. इसी दौरान गहरे पानी और फिसलन के कारण उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गए. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा खोजबीन शुरू की.

तीन घंटे बाद मिला शव, गांव में पसरा मातम

करीब तीन घंटे तक चले खोज अभियान के बाद ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग 250 से 300 मीटर दूर नदी से रुस्तम का शव बरामद किया. शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया.

परिवार का एकमात्र सहारा था मृतक

जोकीहाट प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह चिरह पंचायत के मुखिया शाहिद ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रुस्तम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. अब परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. मुखिया प्रतिनिधि मो. सलीम और पूर्व मुखिया के पुत्र मो. कोनैन आलम ने भी मृतक के आश्रितों को शीघ्र सहायता देने की मांग की.

पुल नहीं बनने से बढ़ रही हैं दुर्घटनाएं

मुखिया शाहिद ने बताया कि गांव के पास बहने वाली नदी पर वर्षों से पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों और मजदूरी के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है. उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण हो जाता तो इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

River Tragedy: घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं ग्रामीणों ने सरकार से जल्द पुल निर्माण और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >