नगर परिषद बोर्ड बैठक में सफाई, सड़क और पेंशन पर बड़े फैसले; 6 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

अररिया नगर परिषद के सभागार में मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 6 बड़े प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई. इसमें सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने से लेकर कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को हरी झंडी मिली.

अररिया नगर परिषद के सभागार में मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में उप मुख्य पार्षद गौतम कुमार साह, कार्यपालक पदाधिकारी (EO) चंद्र प्रकाश राज और सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों की मौजूदगी में शहर के विकास व नागरिक सुविधाओं से जुड़े 6 बड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई.

बैठक में उपस्थित रहे प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी

बैठक में सशक्त स्थायी समिति के तीनों सदस्य सह नगर पार्षद गजाला तहरवीन, नीतू कुमारी और अब्दुल कलाम विशेष रूप से उपस्थित रहे. सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों पर अपने हस्ताक्षर कर सहमति प्रदान की. बैठक की शुरुआत में पिछली बोर्ड बैठक की अनुमोदित कार्यवाही को पढ़कर सुनाया गया और उसकी पुष्टि की गई.

बोर्ड बैठक में लिए गए 6 प्रमुख निर्णय

  1. सफाई व्यवस्था पर अल्टीमेटम: शहर की लचर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सफाई का जिम्मा संभाल रहे एनजीओ को पत्र भेजने का फैसला लिया गया. बोर्ड ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो अगली बैठक में एनजीओ पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
  2. निरीक्षण समिति का गठन: स्वच्छता अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न जोनों का औचक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
  3. वार्ड 03 में विकास कार्य: वार्ड संख्या 03 में बाउंड्री वॉल और नाला निर्माण सहित अन्य बुनियादी विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई.
  4. भूमि अधिग्रहण को मंजूरी: निविदा आमंत्रण सूचना संख्या 17 के तहत विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को स्वीकृति दी गई.
  5. पेंशन व दैनिक पारिश्रमिक प्रस्ताव: सेवानिवृत्त कर्मी त्रिवेणी शंकर मल्लिक की पेंशन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई, वहीं हिना परवीन को दैनिक पारिश्रमिक पर रखने पर सहमति बनी.
  6. हाई मास्ट लाइट और शौचालय निर्माण: अन्यान्य मद के तहत शहर में हाई मास्ट लाइट लगाने और लॉ कॉलेज व यतीम खाना परिसर में नए शौचालयों के निर्माण को मंजूरी मिली.

विकास कार्यों को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश

मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि अररिया नगर परिषद की पहली प्राथमिकता शहर का समग्र विकास और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है. कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि बैठक में पारित सभी 06 प्रस्तावों पर अविलंब काम शुरू कराया जाए.

बैठक के दौरान लेखापाल चंदन कुमार सहित नगर परिषद कार्यालय के कई अन्य कर्मी और वार्ड पार्षद मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >