Rohini Acharya On Bihar Flood: बिहार में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इस बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार से सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अपील की है. रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर अपनी बात रखी.
रोहिणी ने लिखा- जलस्तर बढ़ने की आशंका
एक्स पर रोहिणी ने लिखा, 'नेपाल में कल आई प्राकृतिक आपदा के कारण बिहार की सीमावर्ती नदियों, विशेषकर कोसी, गंडक, बागमती और कमला बलान का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है. इस स्थिति से निपटने और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए बिहार सरकार और राज्य प्रशासनिक अमले को तत्काल प्रभाव से बिना कोई कोताही बरते पूरी मुस्तैदी के साथ जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है'.
एक्स पर रोहिणी ने और क्या लिखा?
यह भी लिखा कि, 'हालात की गंभीरता के मद्देनजर बिहार सरकार से मेरी ये अपील है कि कोसी और गंडक बैराज सहित सभी प्रमुख तटबंधों पर 24*7 गश्ती दल तैनात किए जाएं, संवेदनशील और अति-संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर वहां पर्याप्त मात्रा में मरम्मत सामग्री जैसे- बालू की बोरियां और जियो-बैग्स तैयार रखीं जाएं और नेपाल की सीमा पर स्थित बैराजों से पानी के डिस्चार्ज (Discharge) पर पल-पल की निगरानी रखी जाए'. इसके अलावा भी रोहिणी आचार्य ने एक्स कई अपील किए.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अंत में रोहिणी आचार्य ने यह भी लिखा, 'यह समय त्वरित फैसले लेने, अंतर-विभागीय समन्वय (जल संसाधन, आपदा प्रबंधन और जिला प्रशासन) को मजबूत करने और 'शून्य जनहानि व पशुधन हानि (Zero Casualty) के लक्ष्य के साथ काम करने और त्वरित गंभीर पहल किए जाने की है'.
बिहार से जुड़े मुद्दों को लेकर रोहिणी आचार्य एक्टिव
लालू प्रसाद की बेटी और आरजेडी की नेता रोहिणी आचार्य बिहार से जुड़े मुद्दों को लेकर अक्सर एक्टिव मोड में रहती हैं. बिहार के सियासत से जुड़े मामले हो या फिर आरजेडी से जुड़े मुद्दे हो, वह अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष जरूर रखतीं हैं. ऐसे में जब बिहार में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं तो रोहिणी आचार्य ने एक्स के जरिए पोस्ट शेयर कर सरकार से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपील की.
