घर-घर राशन कार्ड पहुंचाने में करें मदद

पटना सिटी: राशन कार्ड से वंचित, कार्ड में संशोधन व विलोपन के लिए पांच जुलाई से पंद्रह जुलाई के बीच आवेदन लिया जायेगा. इसके लिए वार्ड, अंचल व अनुमंडल स्तर पर शिविर लगाया जायेगा. एसडीओ त्याग राजन एसएम ने मंगलवार को वार्ड पार्षदों के साथ बैठक में यह बात कही. बैठक में उपस्थित पार्षदों से […]

पटना सिटी: राशन कार्ड से वंचित, कार्ड में संशोधन व विलोपन के लिए पांच जुलाई से पंद्रह जुलाई के बीच आवेदन लिया जायेगा. इसके लिए वार्ड, अंचल व अनुमंडल स्तर पर शिविर लगाया जायेगा. एसडीओ त्याग राजन एसएम ने मंगलवार को वार्ड पार्षदों के साथ बैठक में यह बात कही.

बैठक में उपस्थित पार्षदों से एसडीओ ने घर-घर राशन कार्ड पहुंचाने में निगमकर्मियों को मदद करने की अपील की ताकि कार्ड होने के बाद भी अनाज से वंचित राशन कार्डधारकों को राशन मिल सके. एसडीओ ने बताया शिविर में नाम जोड़ने, संशोधित कराने व विलोपित कराने का फॉर्म लिया जायेगा. एसडीओ के अनुसार दर्ज दावा -आपत्ति के मामले का निष्पादन के लिए जिला से भी अधिकारी आयेंगे. एसडीओ के अनुसार संभवत : 31 जुलाई तक करने की योजना है.

दावा -आपत्ति का हो निष्पादन : बैठक में उपस्थित पार्षदों ने कहा कि प्रशासन पहले दावा -आपत्ति का निष्पादन करे. इसके बाद राशन कार्ड बांटे, जबकि कुछ पार्षदों ने राशन कार्ड वितरण में सहयोग की बात कही. बैठक में पार्षद धर्मेद्र प्रसाद मुन्ना, शेखर सिंह, संजय कुमार, शिव मेहता व गुलफिजा उर्फ सुग्गन के साथ पार्षद प्रतिनिधियों में मो जावेद, राजेश राय, मनोज मेहता और अजय चौधरी समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे. एसडीओ ने बताया कि राशन दुकानदारों को नयी सूची के आधार पर अनाज व पुरानी सूची के आधार पर केरोसिन का लाभ लाभार्थियों को देना है. कार्ड को घर-घर पहुंचाने का काम चल रहा है. इसमें तेजी लाना है.

हंगामे की भेंट चढ़ी योजना : शिविर लगा कर राशन कार्ड वितरण करने के लिए 22 जून से एक जुलाई के बीच कार्ययोजना बनायी गयी थी. पहले ही दिन हंगामे के बाद कार्ड वितरण योजना स्थगित कर दी गयी.

इसके बाद लाभार्थियों के घर-घर राशन कार्ड पहुंचाने की योजना बनी. वार्ड नंबर 59 में सोमवार को हुए विरोध के बाद अब प्रशासन ने जन प्रतिनिधियों से सहयोग ले कार्ड घर-घर पहुंचाने की योजना बनायी है. बताते चलें कि निगम सिटी अंचल के 20 वार्डो में 35 हजार 613 लाभार्थियों में कार्ड बांटना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >