बेतिया : बानुछापर ओपी क्षेत्र के बानूछापर में रविवार की देर शाम अतिक्रमण हटाने गयी पुलिस टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला बोल दिया. अतिक्रमणकारी ईंट-पत्थर बरसाने लगे. इससे जेसीबी चालक अशोक प्रजापति तथा सह चालक शहाबुद्दीन जख्मी हो गये. जेसीबी का शीशा टूट गया है. मामले में पुलिस ने छठू शर्मा को हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट के आदेश पर बेतिया के अंचलाधिकारी आमोद राज व बानुछापर ओपी प्रभारी लाल किशोर गुप्ता अतिक्रमण हटवाने गये थे. इस दौरान अतिक्रमणकारियों पथराव शुरू कर दिया. इसमें चालक व सह चालक को हल्की चोटें आयीं.
घटना की सूचना पर नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मो जफरुद्दीन, कालीबाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार शर्मा, मनुआ पुल ओपी प्रभारी राजीव कुमार रजक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. भारी संख्या में पुलिस के पहुंचने के बाद अतिक्रमण हटाया जा सका. बानुछापर ओपी प्रभारी लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि मामले में छठू शर्मा को हिरासत में लिया गया है. पत्थरबाजी करनेवाले कई लोगों को पुलिस पहचान की गयी है. उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा. ओपी प्रभारी ने बताया कि बानुछापर के मदन साह ने अतिक्रमण किया था. अतिक्रमण हटा दिया गया है.
