Vaibhav Suryavanshi Diet Plan: 15 साल की उम्र में जहां बच्चे करियर की प्लानिंग कर रहे होते हैं, वहां वैभव सूर्यवंशी मैदान पर रिकॉर्ड्स की बारिश कर रहे हैं. दिग्गज गेंदबाजों की क्लास लगाने वाले वैभव जब आसानी से लंबे-लंबे छक्के जड़ते हैं, तो हर किसी के मन में एक ही सवाल आता है कि ‘भाई, ये खाता क्या है.’ आखिर कैसे एक 15 साल का लड़का इंटरनेशनल लेवल के गेंदबाजों के खिलाफ इतनी सहजता से खेल लेता है. आइए, आज जानते हैं वैभव के उसी खास डाइट प्लान से, जो उन्हें मैदान पर अलग एनर्जी देता है.”
आईपीएल 2026 के ‘ऑरेंज कैप’ विनर वैभव सूर्यवंशी
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. सीजन के 16 मैचों में रिकॉर्ड 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने वाले वैभव ने इस साल 1 शतक और 5 अर्धशतक जड़े. उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी के बाद अब फैंस उनके पर्सनल लाइफ और खान-पान को लेकर काफी उत्सुक हैं.
क्या है वैभव का डाइट प्लान
एक इंटरव्यू में खुद वैभव ने खुलासा किया था कि वे नॉन-वेज के बेहद शौकीन हैं, जिसमें मटन उनकी पहली पसंद है. इसके अलावा उनकी डाइट में चिकन और मछली भी शामिल रहती है, जो उन्हें मैदान पर इतनी ऊर्जा देती है. हालांकि, फिटनेस और प्रोटीन डाइट के बीच वैभव अपनी एक कमजोरी को नहीं छुपा पाते और वो है मिठाई. वैभव को पीले रंग का राजभोग बेहद पसंद है, जिसे देखते ही वे अपनी डाइट को भूल इस पर टूट पड़ते हैं.
आईपीएल 2026 में वैभव ने जड़े रिकॉर्ड 72 छक्के
आईपीएल 2026 राजस्थान रॉयल्स के लिए भले ही खिताबी सूखा न खत्म कर पाया हो, लेकिन उनके 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सीजन हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बन गया. भले ही राजस्थान फाइनल की रेस से बाहर हो गई, लेकिन वैभव ने अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से पूरे टूर्नामेंट को अपने नाम कर लिया. वे न सिर्फ अपनी टीम के लिए सबसे बड़े रन-स्कोरर रहे, बल्कि ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ उन्होंने इस सीजन में एक ऐसा महा-रिकॉर्ड बनाया जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया. वैभव ने आईपीएल 2026 में कुल 72 गगनचुंबी छक्के जड़े. इस अविश्वसनीय आंकड़े के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल का सालों पुराना रिकॉर्ड धवस्त कर दिया. वैभव की इस कदर दीवानगी थी कि छक्के लगाने की रेस में कोई दूसरा बल्लेबाज उनके आस-पास भी नहीं रह सका.
यह भी पढ़े- IPL 2026 का रोमांच खत्म, अब शुरू होगा टीम इंडिया का मिशन अफगानिस्तान और इंग्लैंड
