ललिता ने राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया, सुधा ने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया

नयी दिल्ली : ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी ललिता बाबर ने यहां फेडरेशन कप राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक के दौरान अपना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा जबकि सुधा सिंह रजत पदक के साथ ओलंपिक में जगह बनाने में सफल रही. राजीव आरोकिया ने पुरुष 400 मीटर में […]

नयी दिल्ली : ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी ललिता बाबर ने यहां फेडरेशन कप राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दूसरे दिन महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण पदक के दौरान अपना राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ा जबकि सुधा सिंह रजत पदक के साथ ओलंपिक में जगह बनाने में सफल रही.

राजीव आरोकिया ने पुरुष 400 मीटर में स्वर्ण पदक के दौरान दिन का दूसरा राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया. उन्होंने 45.47 सेकेंड का समय लिया लेकिन सिर्फ 0.7 सेकंड से रियो ओलंपिक का क्वालीफिकेशन स्तर हासिल करने से चूक गए.

सुधा इस प्रतियोगिता से ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली खिलाडी हैं. पहले ही ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी महाराष्ट्र की ललिता ने नौ मिनट 27.09 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता. उत्तर प्रदेश की सुधा ने नौ मिनट 31.86 सेकंड के साथ रजत पदक जीता और रियो ओलंपिक के नौ मिनट 45 सेकंड के क्वालीफिकेशन स्तर को हासिल किया.

ललिता ने इस दौरान दुनिया में सत्र का शीर्ष समय निकाला हालांकि अभी सत्र की शुरुआत है. सुधा इससे पहले ओलंपिक मैराथन के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी हैं लेकिन भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अधिकारियों ने कहा कि वह और ललिता 3000 मीटर स्टीपलचेज में ही हिस्सा लेंगी.

पता चला है कि सुधा के क्वालीफाई करने के बाद एएफआई सचिव सीके वाल्सन ने प्रतिष्ठित शंघाई डाइमंड लीग के आयोजकों को ईमेल लिखकर उन्हें 14 मई को होने वाली इस लीग में सुधा को खेलने की स्वीकृति देने को कहा है.

महिला 400 मीटर में केरल की अनिल्दा थामस ने 52 . 40 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि महिला चक्का फेंक में कृष्णा पूनिया ने 55 . 09 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक अपने नाम किया. पूनिया चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी कर रही हैं. इस बीच पुरुष तार गोला फेंक के दौरान लगभग 10 मिनट के लिए बत्ती गुल हो गई जिसके कारण खेल रोकना पड़ा. हालांकि बाद में लाइट आने पर स्पर्धा दोबारा शुरू हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >