सिडनी : शीर्ष भारतीय बैडमिंटन खिलाडी साइना नेहवाल ने दबदबे भरा प्रदर्शन करते हुए फाइनल में स्पेन की कैरोलिना मारिन को हराकर 750,000 डालर ईनामी राशि की स्टार ऑस्ट्रेलियन सुपर सीरीज ट्राफी अपने नाम की जो उनका इस सत्र का दूसरा खिताब है. ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतने पर सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने साइना को बधाई दी है. अमिताभ ने अपने ट्विटर अकाउंट में लिखा है कि ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने पर साइना को बधाई. हिंदुस्तान जिंदाबाद.
छठी वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाडी ने इस साल के शुरु में इंडिया ओपन ग्रां प्री गोल्ड खिताब जीता था. उन्होंने 43 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में 21.18 ,21.11 से जीत दर्ज की, जिससे उन्हें 56,000 डालर की ईनामी राशि मिली.24 वर्षीय साइना का मारिन के खिलाफ रिकार्ड 1.0 था, उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कुछ शानदार शाट और बेहतरीन वॉली खेलकर शुरुआती गेम में 5.2 की बढत हासिल की. लेकिन 21 वर्षीय मारिन भी आसानी से पिछडने वाली नहीं थी और उन्होंने इस अंतर को कम कर 6.8 कर दिया. मारिन ने हालांकि सर्विस की गलती कर साइना को एक आसान अंक भेंट स्वरुप दे दिया जिससे इस भारतीय ने 11.7 की बढत हासिल की.
मारिन ने फिर अपने खेल में सुधार किया लेकिन साइना भी जवाबी हमले के लिये तैयार थीं और उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी के स्मैश का तेजी से जवाब दिया. इस बीच मारिन ने कुछ बेहतरीन स्ट्रोक्स खेले लेकिन ये निरंतर नहीं थे और साइना ने बढत 17.12 की कर ली. मारिन की प्रतिबद्धता हर अंक के लिये देखी जा सकती थी लेकिन संयमित साइना को पछाडने के लिये यह काफी नहीं थी.
