IND vs SL Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम अगले सप्ताह दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका रवाना होगी. 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली इस सीरीज से पहले टीम इंडिया अभ्यास मैच खेलेगी. हालांकि, इस मुकाबले के कार्यक्रम में कुछ बदलाव किया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा के समय बताया था कि भारत को कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलना है. लेकिन अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मुकाबला चार दिन की बजाय तीन दिन का होगा.
7 से 9 अगस्त तक खेला जाएगा मुकाबला
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, भारत और श्रीलंका इलेवन के बीच होने वाला अभ्यास मैच अब 7 से 9 अगस्त तक खेला जाएगा. यह मुकाबला कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर होगा. बताया जा रहा है कि इस बदलाव की जानकारी बीसीसीआई और भारतीय टीम प्रबंधन को दे दी गई है. सबसे अच्छी बात यह है कि इस अभ्यास मैच का लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा.
WTC फाइनल की उम्मीदों के लिए अहम है सीरीज
भारत के लिए श्रीलंका के खिलाफ यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज काफी महत्वपूर्ण है. अगर टीम इंडिया को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के फाइनल की दौड़ में बने रहना है, तो इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. WTC का अगला फाइनल जून 2027 में द ओवल में खेला जाएगा.
साई सुदर्शन की फिटनेस पर अच्छी खबर
भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज बी साई सुदर्शन के श्रीलंका दौरे पर खेलने की उम्मीद बढ़ गई है. वह पैर के अंगूठे (बिग टो) की चोट से उबर रहे हैं और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक सुदर्शन ने दोबारा बल्लेबाजी शुरू कर दी है और टीम के श्रीलंका रवाना होने तक उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीद है. अगर वह फिट हो जाते हैं तो भारत की बल्लेबाजी को और मजबूती मिलेगी.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में पर्वतारोही निर्मल पुर्जा की मौत, 14 सबसे ऊंची चोटियां फतह कर बने थे दुनिया में मशहूर
