CWG 2026 Boxing: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के युवा मुक्केबाज जादूमणि सिंह मंडेंगबाम को पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा. शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के जेई डिक्सन ने उन्हें हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
22 वर्षीय जादूमणि भारत के लिए दिन के तीसरे बॉक्सिंग फाइनल में उतरे थे. उनसे पहले प्रीति पवार और जैसमीन लांबोरिया स्वर्ण पदक जीत चुकी थी और भारत को तीसरे लगातार गोल्ड की उम्मीद थी, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज ने शानदार वापसी करते हुए भारतीय बॉक्सर को गोल्ड हैट्रिक से रोक दिया.
पहले राउंड में बनाई बढ़त
फाइनल का पहला राउंड बेहद रोमांचक रहा. दोनों मुक्केबाजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन पांच में से तीन जजों ने 3-2 के अंतर से जादूमणि के पक्ष में फैसला दिया. इससे भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबले में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली.
दूसरे राउंड में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने पलटा मुकाबला
दूसरे राउंड में जेई डिक्सन ने आक्रामक रुख अपनाया और लगातार सटीक पंच लगाए. ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज ने यह राउंड 5-0 से अपने नाम कर मुकाबले में बराबरी कर ली. इसके बाद फैसला तीसरे और अंतिम राउंड पर आकर टिक गया.
आखिरी राउंड में डिक्सन का दबदबा
निर्णायक राउंड में भी डिक्सन ने अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने भारतीय मुक्केबाज को वापसी का मौका नहीं दिया और 5-0 से राउंड जीतते हुए सर्वसम्मत फैसले के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही जादूमणि सिंह को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.
हालांकि भारत की लगातार तीन गोल्ड जीतने की उम्मीद टूट गई, लेकिन तीन बॉक्सिंग फाइनल के बाद भारत के खाते में दो स्वर्ण और एक रजत पदक आ चुके हैं. अब देश की नजरें बाकी भारतीय मुक्केबाजों पर हैं, जो शनिवार को अलग-अलग भार वर्गों के फाइनल में उतरेंगे.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: जैसमीन लांबोरिया बनी कॉमनवेल्थ चैंपियन, भारत को बॉक्सिंग में दिलाया दूसरा गोल्ड
