CWG 2026: मौजूदा विश्व चैंपियन और कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता जैसमीन लंबोरिया रविवार देर रात ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन समारोह में भारतीय दल की ध्वजवाहक होंगी. 24 वर्षीय मुक्केबाज को उनके शानदार प्रदर्शन के सम्मान में यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. जैसमीन ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया. इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था.
लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं जैसमीन
जैसमीन लंबोरिया पिछले कुछ वर्षों से भारत की सबसे सफल महिला मुक्केबाजों में शामिल रही हैं. उन्होंने 2025 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था. इसके अलावा इस वर्ष आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में भी उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने जीता 39 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 मेडल अपने नाम किए. भारत ने इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया. भारत के लिए 1 अगस्त का दिन सबसे खास रहा. इस दिन भारत ने बॉक्सिंग में कुल 10 मेडल अपने नाम किए. जिसमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर अपने नाम किया. वहीं इस दिन ही पैरा एथलीट में एक गोल्ड और एक सिल्वर और ट्रिपल जंप में एक ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया.
अहमदाबाद 2030 को मिलेगा आधिकारिक हैंडओवर
ग्लासगो के द हाइड्रो में आयोजित समापन समारोह के दौरान 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का औपचारिक हैंडओवर भारत को सौंपा जाएगा. भारत 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा.
आयोजन समिति के अनुसार, हैंडओवर सेगमेंट तीन चरणों में आयोजित होगा, जिसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और राष्ट्रमंडल देशों के साथ साझा मूल्यों को प्रस्तुत किया जाएगा. यह प्रस्तुति अहमदाबाद 2030 की मेजबानी की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक होगी.
ये भी पढ़ें: 'सुविधाएं भी नहीं, सम्मान भी नहीं', कॉमनवेल्थ में गोल्ड जीतने वाली अरुंधति ने खोली सिस्टम की पोल
