विराट कोहली ने शनिवार को टेस्ट प्रारूप में भारत की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी. भारत के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1-2 से टेस्ट सीरीज हारने के एक दिन बाद स्टार बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर कप्तानी छोड़ने की घोषणा की. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने ट्विटर पर विराट कोहली को भारत के टेस्ट कप्तान के रूप में उनके शानदार कार्यकाल के लिए बधाई दी.
मोहम्मद आमिर ने कहा कि विराट कोहली एक सच्चे नेता और युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं. आमिर ने ट्विटर पर लिखा कि विराट कोहली भाई मेरे लिए आप क्रिकेट में आने वाली पीढ़ी के सच्चे नेता हैं क्योंकि आप युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं. मैदान पर और मैदान के बाहर कमाल करते रहो.
सबसे लंबे प्रारूप में जीत की संख्या की बात करें तो कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं. उन्होंने 68 टेस्ट मैचों में 40 जीत दर्ज करते हुए और 58.82 के जीत प्रतिशत के साथ भारत का नेतृत्व किया था. 2018 में कोहली के नेतृत्व में, भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीत दर्ज करने वाली पहली एशियाई टीम बनकर इतिहास रच दिया.
उनके नेतृत्व में भारत लगातार वर्षों तक आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर रहा और 2021 में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा. हालांकि, भारत न्यूजीलैंड से डब्ल्यूटीसी फाइनल हार गया. कोहली का कप्तान के रूप में घर पर भी एक शानदार रिकॉर्ड है, जिससे टीम ने 31 मैचों में 24 जीत हासिल की, सिर्फ 2 गेम हारे.
भारत अपना अगला टेस्ट मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा और बीसीसीआई के पास अब सबसे लंबे प्रारूप में भारतीय टीम के लिए एक नया कप्तान खोजने का काम है. श्रीलंका भारत दौरा फरवरी में होगा. बीसीसीआई को इस दौरे से पहले टेस्ट टीम को एक कप्तान देना होगा. केएल राहुल, रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के नामों पर विचार किया जा रहा है.
