रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप 2024 तक कप्तान के रूप में देखना चाहते हैं सौरव गांगुली, की जमकर तारीफ

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप 2024 तक टीम इंडिया के कप्तान के रूप में देखना चाहते हैं. उन्होंने वर्ल्ड कप में शानदार कप्तानी के लिए रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की.

वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी से प्रभावित पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें कम से कम अगले साल टी20 विश्व कप तक भारत का कप्तान बने रहना चाहिए. रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम लगातार दस मैच जीतकर विश्व कप के फाइनल में पहुंची जहां उसे ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट से हरा दिया. रोहित और विराट कोहली ने दस दिसंबर से दक्षिण अफ्रीका में होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से ब्रेक लिया है. गांगुली ने पत्रकारों से कहा कि दोनों को आराम की जरूरत है ताकि आगे के व्यस्त कार्यक्रम के लिए वे तरोताजा रहें.

रोहित भारतीय टीम के अभिन्न अंग

सौरव गांगुली ने कोलकाता में एक प्रचार कार्यक्रम से इतर कहा, ‘रोहित शर्मा को सभी प्रारूपों में लौटने के बाद भारत की कप्तानी करनी चाहिए क्योंकि उसने विश्व कप में इतना शानदार प्रदर्शन किया.’ उन्होंने कहा, ‘विश्व कप में आपने देखा कि उन्होंने कैसा खेला. वे भारतीय क्रिकेट का अभिन्न अंग हैं.’ रोहित और विराट ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद से टी20 क्रिकेट नहीं खेला है. उसके बाद से हार्दिक पंड्या भारत के टी20 कप्तान हैं लेकिन उनके चोटिल होने से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर रहे हैं.

Also Read: T20 विश्व कप में रोहित शर्मा संभाल सकते हैं भारतीय टीम की कमान, ब्रिटेन में बिता रहे हैं छुट्टियां

सूर्यकुमार यादव टी20 टीम के कप्तान

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भी सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. जबकि वनडे सीरीज में केएल राहुल कप्तानी करेंगे. गांगुली ने कहा, ‘विश्व कप द्विपक्षीय श्रृंखला से अलग है क्योंकि दबाव अलग है. इस विश्व कप में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और छह सात महीने बाद वेस्टइंडीज में भी उसे दोहरायेंगे. रोहित एक लीडर है और मुझे उम्मीद है कि वह टी20 विश्व कप में भी कप्तान होगा.’

द्रविड़ का कार्यकाल बढ़ने से गांगुली खुश

बीसीसीआई ने मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भी कम से कम टी20 विश्व कप तक विस्तार किया है हालांकि अभी उनके कार्यकाल का खुलासा नहीं हुआ है. गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष रहते हुए ही द्रविड़ कोच बने थे और उनके कार्यकाल में विस्तार पर गांगुली ने खुशी जताई. उन्होंने कहा, ‘मुझे इसमें कोई हैरानी नहीं कि उन्होंने द्रविड़ पर भरोसा जताया है. जब मैं बोर्ड का अध्यक्ष था तो हमने उन्हें इस पदभार को संभालने के लिए राजी किया था. मुझे खुशी है कि उनका कार्यकाल बढ़ाया गया.’

Also Read: विराट कोहली और रोहित शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्यों नहीं खेलेंगे वनडे, टी20 सीरीज, बीसीसीआई ने दिया जवाब

रहाणे-पुजारा पर कही यह बात

उन्होंने कहा, ‘भले ही भारत ने विश्व कप नहीं जीता लेकिन भारतीय टीम टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम थी. उसके पास सात महीने बाद एक और विश्व कप खेलने का मौका है. उम्मीद है कि इस बार उपविजेता नहीं, चैंपियन होंगे.’ टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट के लिए टीम में जगह नहीं मिली. सीमित ओवरों की टीम में कई युवाओं को मौका दिया गया है.

नयी प्रतिभाओं को मिलना चाहिए मौका

गांगुली ने इस पर कहा, ‘कभी न कभी तो नयी प्रतिभाओं को मौका देना ही होगा. भारत में इतनी प्रतिभाएं हैं कि टीम को आगे बढ़ना होता है. पुजारा और रहाणे काफी कामयाब रहे लेकिन खेल हमेशा आपके साथ नहीं रहता. आप हमेशा नहीं खेल सकते. यह सभी के साथ होगा. भारतीय क्रिकेट के लिए उनके योगदान पर मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहूंगा.’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >