क्या हैमस्ट्रिंग की चोट से बाहर होंगे रोहित शर्मा? अगले मैच में खेलने पर सस्पेंस

Rohit Sharma Injury Update: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ गई हैं. आरसीबी के खिलाफ मैच में स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट का शिकार हो गए. 19 रन पर रिटायर हर्ट हुए रोहित के अगले मैच में खेलने पर सस्पेंस है. स्कैन रिपोर्ट के बाद ही उनके खेलने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.

Rohit Sharma Injury Update: मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज रोहित शर्मा का पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अगले मैच में खेलना संदिग्ध है. रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. दर्द के कारण उन्हें 19 रन के स्कोर पर मैदान से बाहर जाना पड़ा. अब चोट की गंभीरता जानने के लिए उनका स्कैन होगा. इसके बाद ही उनके खेलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. इस मैच में बेंगलुरु ने मुंबई को 18 रनों से हराया था.

कैसे लगी रोहित शर्मा को चोट

बेंगलुरु के खिलाफ पांचवें ओवर में क्रुणाल पंड्या की गेंद पर एक रन लेते समय रोहित के पैर में दर्द शुरू हुआ. छठे ओवर में रसिक सलाम की गेंद खेलने से पहले वह दर्द में दिखे. टीम के फिजियो ने मैदान पर आकर उनकी जांच की. इसके बाद रोहित ने ‘रिटायर हर्ट’ होकर वापस जाने का निर्णय लिया. बाहर जाने से पहले उन्होंने 13 गेंदों में 19 रन बनाए थे. वह दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं आए.

स्कैन के बाद होगा खेलने पर निर्णय

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा की हैमस्ट्रिंग का अस्पताल में स्कैन कराया जाएगा. स्कैन रिपोर्ट से पता चलेगा कि चोट कितनी गहरी है. मुंबई को अगला मुकाबला 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ वानखेडे स्टेडियम में खेलना है. रोहित इस मैच में खेलेंगे या उन्हें आराम मिलेगा, यह फैसला पूरी तरह स्कैन के नतीजों पर टिका है.

साथी खिलाड़ी रदरफोर्ड का बयान

मैच के बाद बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड से रोहित की चोट पर सवाल पूछा गया. उन्होंने कहा कि उन्हें सटीक जानकारी नहीं है. रदरफोर्ड ने पत्रकारों को बताया कि शायद यह हैमस्ट्रिंग की परेशानी है, लेकिन वह पक्का कुछ नहीं कह सकते. वह डगआउट में थे, इसलिए उन्हें अंदर की बात नहीं पता है. टीम प्रबंधन ने भी अभी कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया है.

IPL 2026 में रोहित का प्रदर्शन

इस सीजन की शुरुआत रोहित शर्मा ने शानदार तरीके से की थी. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. इससे मुंबई ने 221 रनों का लक्ष्य हासिल किया था. दिल्ली के खिलाफ भी उन्होंने 35 रन बनाए. रोहित ने मौजूदा सीजन में चार मैच खेले हैं, जिनमे उन्होंने कुल 137 रन बनाए हैं.

पॉइंट्स टेबल में मुंबई की स्थिति

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. टीम ने चार मैच खेले हैं और उसे केवल एक मुकाबले में जीत मिली है. खराब खेल के कारण मुंबई इंडियंस फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है. उनके खाते में महज दो अंक हैं. वहीं विरोधी पंजाब की टीम सात अंकों के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद है.

ये भी पढ़ें-

महिला टी20 विश्व कप विजेता को मिलेंगे 21 करोड़, IPL से भी ज्यादा पैसा, ICC ने किया प्राइज मनी का ऐलान

IPL 2026: डगआउट में फोन चलाना पड़ा भारी, राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर को BCCI का नोटिस

लाइव मैच में आशीष नेहरा को आया गुस्सा, खिलाड़ी को दिया धक्का, फिर हुआ हैरान करने वाला वाकया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >