Highlights
Virat Kohli Clean Bowled: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 16वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच रोमांचक मुकाबला हो रहा है. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी के बल्लेबाज विराट कोहली अच्छी लय में खेल रहे थे. उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बनाए. लेकिन राजस्थान के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने अपनी गेंदबाजी से उन्हें चकमा दे दिया और क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया.
कैसे गिरा विराट कोहली का विकेट
मैच के पांचवें ओवर में राजस्थान ने रवि बिश्नोई को गेंदबाजी करने बुलाया. बिश्नोई इस समय लीग में पर्पल कैप होल्डर भी हैं. इस ओवर की पांचवीं गेंद बिलकुल सीधी और तेज थी. विराट कोहली ने क्रीज से आगे निकल कर एक हवाई शॉट खेलने का प्रयास किया. लेकिन वह गेंद की लाइन और रफ्तार को बिलकुल समझ नहीं पाए. गेंद उनके बल्ले और पैड के बीच से निकली और सीधे स्टंप्स पर जा लगी. इसके बाद कोहली को पूरी तरह हैरान होकर वापस लौटना पड़ा.
विराट ने बनाए 32 रन
बेंगलुरु टीम की शुरुआत अच्छी नहीं थी. ऐसे में विराट कोहली ने तेजी से रन बनाने का काम शुरू किया. अपनी पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर के सामने वह आउट होने से बाल-बाल बचे थे. इसके बाद उन्होंने अपना गियर बदला और तेज गेंदबाजों की खूब कुटाई की. आउट होने से पहले कोहली ने केवल 16 गेंद का सामना किया और 32 रन की तेजतर्रार पारी खेली. इस पारी में उनके बल्ले से 7 बाउंड्री भी निकली.
रवि बिश्नोई के सामने पस्त हैं किंग कोहली
विराट कोहली का रवि बिश्नोई के खिलाफ आउट होना कोई इत्तेफाक नहीं है. आईपीएल के रिकॉर्ड बताते हैं कि इस स्पिनर के सामने कोहली हमेशा रन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं. आईपीएल इतिहास में दोनों के बीच 7 पारियों में आमना सामना हुआ है. कोहली ने बिश्नोई की कुल 44 गेंद खेली हैं और केवल 37 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी महज 84.1 का रहा है. इस दौरान बिश्नोई ने कोहली को दूसरी बार अपना शिकार बनाया है. पिछले सीजन तक बिश्नोई लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे, लेकिन ऑक्शन में राजस्थान ने उन्हें खरीद लिया था.
कप्तान पाटीदार की फिफ्टी, आरसीबी ने बनाए 201 रन
विराट के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने टीम को संभाला. पाटीदार ने शानदार बैटिंग की और 40 गेंद में 63 रन की कप्तानी पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले. बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 201 रन का विशाल स्कोर बनाया. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और ब्रिजेश शर्मा तीनों ने 2-2 विकेट हासिल किए. बिश्नोई ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर दो विकेट चटकाए.
ये भी पढ़ें-
