CSK की जीत के बाद कप्तान रुतुराज को सजा, नीतीश राणा पर भी हुआ एक्शन, जानें कारण

Ruturaj Gaikwad Fined: चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली को 23 रन से हराया. मैच के बाद स्लो ओवर रेट के लिए CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 12 लाख का जुर्माना लगा. वहीं अंपायर से बहस के कारण दिल्ली के नीतीश राणा की 25 प्रतिशत मैच फीस काटी गई है.

Ruturaj Gaikwad Fined: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 23 रन से मात दी है. इस मैच के बाद बीसीसीआई ने सख्त कदम उठाए हैं. मैच समाप्त होने के बाद चेन्नई के कप्तान रुतुराज गायकवाड और दिल्ली के खिलाड़ी नीतीश राणा को आचार संहिता का नियम भंग करने पर सजा मिली है. दोनों पर उनकी गलतियों के लिए भारी जुर्माना लगाया गया है.

रुतुराज गायकवाड पर 12 लाख का जुर्माना

इस मैच में चेन्नई की टीम तय समय के भीतर अपने बीस ओवर पूरे करने में नाकाम रही. क्रिकेट के नियमों में इसे स्लो ओवर रेट कहा जाता है. आईपीएल के नियम 2.22 के अनुसार, यह चेन्नई की टीम की इस सीजन में पहली गलती थी. पहली बार नियम का पालन ना करने पर फील्डिंग टीम के कप्तान पर 12 लाख रुपये का दंड लगता है. इसी कारण रुतुराज गायकवाड को यह भारी रकम चुकानी होगी. अगर टीम आगे भी यह गलती दोहराती है, तो सजा ज्यादा हो सकती है और कप्तान पर मैचों का बैन भी लग सकता है.

आईपीएल के नियम 2.22 में क्या होता है?

  • गलती: जब कोई टीम तय समय के अंदर अपने ओवर पूरे नहीं कर पाती है (आमतौर पर 90 मिनट में 20 ओवर फेंकने होते हैं).
  • जुर्माना: पहली बार यह गलती होने पर कप्तान को 12 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ता है. अगर यह गलती दोबारा होती है, तो जुर्माना बढ़कर 24 लाख रुपये हो जाता है.
  • टीम पर असर: कप्तान के साथ-साथ टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है. उन पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत या 6 लाख रुपये (दोनों में से जो भी कम हो) का जुर्माना लगता है.
  • कड़ी सजा: अगर कोई टीम बार-बार यही गलती दोहराती है, तो कप्तान पर कुछ मैच खेलने की रोक (बैन) भी लगाई जा सकती है.

चेन्नई को मिली पहली जीत

चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन में अपनी पहली जीत मिली है. पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने संजू सैमसन के शतक की मदद से 212 रन का विशाल स्कोर बनाया था. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 189 रन पर सिमट गई. दिल्ली की पूरी टीम निर्धारित ओवरों में ऑलआउट हो गई, जिससे चेन्नई ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया.

ये कप्तान भी दे चुके हैं पेनाल्टी

इस सीजन में स्लो ओवर रेट के कारण सजा पाने वाले रुतुराज तीसरे कप्तान बन गए हैं. उनसे पहले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को दो बार यह जुर्माना चुकाना है. श्रेयस ने गुजरात टाइटंस और चेन्नई के खिलाफ मैच में तय समय पर ओवर नहीं फेंके थे. इसके अलावा गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पर भी दिल्ली के सामने मैच में ऐसा ही 12 लाख रुपये का जुर्माना लग चुका है.

नीतीश राणा की कटी 25 प्रतिशत मैच फीस

दिल्ली कैपिटल्स के नीतीश राणा पर भी सख्त कार्रवाई हुई है. नीतीश ने चौथे अंपायर के साथ बहस की थी. अनुशासनहीनता के कारण उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत हिस्सा काट लिया गया है. साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है. हैरानी की बात यह है कि नीतीश उस समय मैदान पर खेल भी नहीं रहे थे. वह सिर्फ इम्पैक्ट सब्सिट्यूट के रूप में अपनी टीम का हिस्सा थे.

अंपायर से क्यों हुई थी बहस?

यह घटना मैच के 19वें ओवर में हुई थी. दिल्ली के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स अपने ग्लव्स बदलना चाहते थे, लेकिन चौथे अंपायर ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. इसके तुरंत बाद उसी ओवर में स्टब्स कैच आउट हो गए. उनके आउट होने के बाद नीतीश राणा और दिल्ली के कोच अंपायर से बहस करते हुए दिखे. अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के कारण यह कार्रवाई की गई है.

ये भी पढ़ें-

दिल्ली की हार का कारण बना अंपायर का फैसला? जानें क्यों खिलाड़ियों ने किया ड्रामा

MI vs RCB: वानखेड़े में टॉस होगा असली बॉस, जानिए पिच और मौसम का हाल

LSG vs GT: मैच में बारिश बनेगी विलेन या होगी रनों की बरसात, जानें मौसम का हाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >