पोर्ट एलिजाबेथ : आंद्रे रसेल के नाबाद तूफानी अर्धशतक की मदद से वेस्टइंडीज ने डेविड मिलर के पहले अंतरराष्ट्रीय शतक को नाकाम करते हुए आज यहां चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. रसेल ने 40 गेंद में पांच छक्कों और पांच चौकों की मदद से नाबाद 64 रन बनाए जिससे वेस्टइंडीज ने 263 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 48 . 3 ओवर में नौ विकेट पर 266 रन बनाकर जीत दर्ज की. रसेल ने काइल एबोट पर छक्का जडकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया.
वेस्टइंडीज ने 73 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे लेकिन मार्लन सैमुअल्स :68: और डेरेन सैमी :51: ने छठे विकेट के लिए 93 रन जोडकर पारी को संभाल लिया. दक्षिण अफ्रीका की ओर से फरहान बेहरडीन ने 21 जबकि जेपी डुमिनी ने 29 रन देकर दो दो विकेट चटकाए.
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने बायें हाथ के बल्लेबाज मिलर ने नाबाद 130 रन की मदद से खराब शुरुआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 262 रन बनाए. मिलर उस समय बल्लेबाजी के लिए उतरे जब टीम सातवें ओवर में 32 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी. वेस्टइंडीज पहले तीन मैच गंवाकर पहले ही श्रृंखला हार चुका है लेकिन आज उसके श्रृंखला की पहली जीत दर्ज करके दक्षिण अफ्रीका की बढत को 1-3 कर दिया. इससे पहले मिलर ने जेपी डुमिनी :43: के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 90 रन की साङोदारी की और दक्षिण अफ्रीका को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
मिलर ने पारी के अंत में ताबडतोड बल्लेबाजी की और इस दौरान 122 गेंद में नौ चौकों की मदद से शतक पूरा किया। उन्होंने पारी की अपनी अंतिम 11 गेंद पर दो चौके और तीन छक्के मारे. वनडे क्रिकेट में पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज शेल्डन कोट्रेल ने 30 रन देकर दो विकेट चटकाए। उन्होंने सलामी बल्लेबाज रिली रोसेयू :04: को दूसरी स्लिप में डेरेन सैमी के हाथों कैच कराया. दूसरे सलामी बल्लेबाज मोर्ने वान विक :18: ने भी कोट्रेल की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश रामदीन को कैच थमाया.
कप्तान जेसन होल्डर ने इसके बाद फाफ डु प्लेसिस :04: को विकेटकीपर के हाथों कैच कराया जबकि डिविलियर्स :19: भी आंद्रे रसेल की गेंद को विकेटकीपर के हाथों में खेलकर पवेलियन लौटे.
