नयी दिल्ली: इस साल मई में इंग्लैंड दौरे के दौरान श्रीलंका के ऑफ स्पीनर सचित्रा सेनानायके के संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने उनपर बैन लगा दिया है्.
आईसीसी ने सेनानायके पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी नहीं करने का बैन लगाया है. श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस बात की पुष्टि की है और कहा कि सेनानायके पर लगा प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
एसएलसी ने कहा कि सेनानायके के संबंध में उसे आईसीसी गेंदबाजी एक्शन मूल्यांकन रिपोर्ट प्राप्त हुई है. इसे इंग्लैंड के कार्डिफ मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी के कार्डिफ खेल स्कूल ने जारी किया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि सचित्रा का गेंदबाजी एक्शन संदिग्ध पाया गया है.
गौरतलब है कि इसी साल मई माह में लॉर्ड्स में खेले गये चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच के दौरान कुछ गेंद फेंकते समय सेनानायके ने लगातार चार गेंद तक अपनी कोहनी को 15 डिग्री से ज्यादा मोडी थी. इसको देखते हुए पहले से विवाद में रखे सेनानायके पर मैच रेफरी ने प्रतिबंध लगाने की सिफारिश कर दी. उसके बाद आईसीसी ने सेनानायके की गेंदबाजी एक्शन को कई बार देखकर उनपर बैन लगा दिया.
29 वर्षीय सेनानायके ने अबतक एक टेस्ट, 37 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरिज में सेननायके ने काफी किफायती गेंदबाजी की थी. पाकिस्तान के खिलाफ अपने एक मात्र टेस्ट मैच में सेनानायके को कोई सफलता नहीं मिली थी लेकिन उन्होंने काफी कम रन दिये थे. 39 ओडीआई मैचों में सेनानायके ने 1,393 रन देकर 40 विकेट लिये. 17 टी20 मैचों में सचित्रा को 18 विकेट मिले और उन्होंने 300 रन दिये.
