बेंगलूर: आईपीएल में भारत के पहले शतकवीर मनीष पांडे की 94 रन की बेजोड पारी आखिर में रिद्धिमान साहा के शानदार शतकीय प्रयास पर भारी पड गयी जिससे कोलकाता नाइटराइडर्स ने आज यहां पहली बार फाइनल में पहुंचे किंग्स इलेवन पंजाब को उतार चढाव वाले फाइनल में तीन विकेट से हराकर दूसरी बार इस टी20 टूर्नामेंट का खिताब जीता.
ममता बनर्जी ने जीत के लिए शाहरुख और केकेआर को बधाई दी
इससे पहले 2012 में पहली बार खिताब जीतने वाले केकेआर की जीत के नायक बेंगलूर के पांडे रहे जिन्होंने अपने घरेलू मैदान पर 50 गेंद पर 94 रन की पारी खेली. इस 24 वर्षीय बल्लेबाज ने सात चौके और छह छक्के लगाये. उनके अलावा यूसुफ पठान ने चार छक्कों की मदद से 36 रन की पारी खेली लेकिन आखिर में पीयूष चावला (नाबाद 13) भी जीत के नायक बन गये. उन्होंने विषम परिस्थितियों छक्का और विजयी चौका लगाकर टीम का स्कोर 19 . 3 ओवर में सात विकेट पर 200 रन पर पहुंचाया.
केकेआर की जीत से साहा की बेहतरीन पारी का मजा किरकिरा हो गया. उन्होंने 55 गेंद पर नाबाद 115 रन बनाये. जिसमें दस चौके और आठ छक्के शामिल हैं. उन्होंने सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा (67) के साथ 72 गेंदों पर 129 रन की साङोदारी की टीम का स्कोर चार विकेट पर 199 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी. किंग्स इलेवन ने आखिरी दस ओवरों में 141 रन बनाये.
बडे लक्ष्य का पीछा करने उतरे केकेआर ने अपने पहले ओवर में ही रोबिन उथप्पा ( 5 ) का विकेट गंवा दिया. उथप्पा ने इस सत्र में 16 मैचों में सर्वाधिक 600 रन बनाकर ओरेंज कैप हासिल की. लेकिन आज मिशेल जानसन की कोण लेती गेंद पर करारा शाट लगाने के प्रयास में उन्होंने प्वाइंट पर कैच दे दिया. ऐसा पहली बार हुआ जबकि विजेता टीम के बल्लेबाज को ओरेंज कैप मिली.
कप्तान गौतम गंभीर (23) और पांडे ने सहजता से रन बटोकर पावरप्ले की समाप्ति पर स्कोर 59 रन तक पहुंचाया. इसके बाद पहली बार करणवीर सिंह के रुप में स्पिन आक्रमण लगाया गया. गंभीर ने उनकी पहली ही गेंद ही हवा में लहरा दी और डेविड मिलर ने दौड कर उसे कैच में बदल दिया. करणवीर ने चार विकेट लिये लेकिन इसके लिये उन्होंने 54 रन लुटाये.
पठान ने करणवीर के अगले ओवर में लगातार दो छक्के लगाये, लेकिन जार्ज बैली से जीवनदान पाने वाले पांडे ने न सिर्फ एक छोर संभाले रखा बल्कि इस बीच करारे शाट भी जमाये. करणवीर पर कवर और परविंदर अवाना के एक ओवर में लगाये गये दोनों छक्के दर्शनीय थे. उन्होंने इस बीच 31 गेंदों पर अपना अर्धशतक भी पूरा किया.
इसके बाद जब पठान ने लक्ष्मीपति बालाजी पर दो छक्के लगाये तो साहा की आक्रामकता पर उछलने वाली किंग्स इलेवन की सह मालकिन प्रीति जिंटा का चेहरा भी उतर गया. करणवीर ने अगले ओवर में जब पठान को कैच आउट कराया तो किंग्स इलेवन के प्रशंसकों में जान आयी लेकिन पांडे ने इसी ओवर में एक छक्का और चौका जडकर उनकी खुशी काफूर कर दी.
शाकिब अल हसन ( 12 ) और रेयान टेन डोएसे ( 4 ) ज्यादा देर नहीं टिक पाये. पांडे ने इन दोनों को आउट करने वाले करणवीर पर छक्का और चौका लगाकर शतक के करीब पहुंचे लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बैली को आसान कैच दे बैठे.जब पांडे आउट हुए तब केकेआर को 18 गेंद पर 21 रन चाहिए थे. ऐसे में जब तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी तब पीयूष चावला ने जानसन पर छक्का जडकर केकेआर की उम्मीदों पंख लगाये. आखिरी ओवर में केकेआर को जीत के लिये पांच रन चाहिए थे. चावला ने अवाना की फुलटास पर विजयी चौका जडा.
खेल आईपीएल लीड फाइनल तीन अंतिम इससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले किंग्स इलेवन की पारी साहा और वोहरा के इर्द गिर्द घूमती रही. उसके चार धुरंधरों वीरेंद्र सहवाग (7), कप्तान जार्ज बैली (1), ग्लेन मैक्सवेल (0) और डेविड मिलर (नाबाद 01) ने मिलकर नौ रन का योगदान दिया.
पंजाब ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करके रक्षात्मक नीति अपनायी लेकिन साहा ने वोहरा के साथ मिलकर इसमें आक्रामकता का पुट भर दिया. वोहरा ने आठवें ओवर में चावला पर पारी का पहला छक्का जडकर पंजाब के समर्थकों में जोश भरा. इसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम साहा के तूफानी तेवरों का गवाह बना. उन्होंने शाकिब की गेंद पर मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजी तथा चावला पर लगातार दो छक्के लगाये.
साहा ने नारायण के विशेष निशाना बनाया और उन पर तीन छक्के और इतने ही चौके लगाये. उन्होंने और वोहरा ने मोर्कल के एक ओवर में छक्के जडकर उनको भी प्रभावहीन किया. नारायण के पास साहा से बदला चुकता करने का मौका था लेकिन उन्होंने अपनी ही गेंद पर उनका हवा में लहराता कैच छोड दिया. साहा ने इसका फायदा उठाकर 17वें ओवर में उमेश पर पहले दो चौके और फिर साइटस्क्रीन के पास छक्का जमा दिया.
चावला ने अपनी ही गेंद पर दूसरे प्रयास में वोहरा का कैच लिया और फिर आखिरी गेंद पर नये बल्लेबाज मैक्सवेल को थर्ड मैन पर कैच कराया. बिग हिटर मैक्सवेल का रिवर्स स्वीप सीधे मोर्कल के हाथों में चला गया था.
नारायण जब 19वां ओवर करने आये तो साहा ने स्क्वायर लेग पर छक्का, मिडविकेट पर चौका और फिर लांग आन पर छक्का लगाया. इस छक्के से उन्होंने अपने करियर का पहला टी20 शतक भी पूरा किया. इसके लिये उन्होंने केवल 49 गेंद खेली. केकेआर की तरफ से चावला ने 44 रन देकर दो विकेट लिये.
