नयी दिल्ली : टीम इंडिया से बाहर चल रहे बायें हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज गौतम गंभीर इस समय पेरिस में अपने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टी का आनंद ले रहे हैं. जहां से उन्होंने कई तसवीरें सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
एक तसवीर में वो और उनकी बेटी आजीन आईसक्रीम खाते नजर आ रहे हैं. वहीं एक और तसवीर में बेटी डोनाल्ड डक के साथ नजर आ रही है. दरअसल गौतम बेटी के साथ पेरिस के डिजनीलैंड पार्क घुमने गये थे.
गौतम गंभीर ने डोनाल्ड डक के साथ बेटी की तसवीर के साथ आईपीएल 14 की अपनी एक तसवीर शेयर की. गौतम ने अपनी इस तसवीर के साथ खुद का मजाक भी उड़ाया. गंभीर ने अपनी जो तसवीर पोस्ट की है वो आईपीएल 14 की है जिसमें वो केकेआर की ओर से खेलते हुए 3 बार शून्य (डक) पर आउट हुए थे. तसवीर के साथ उन्होंने लिखा, आप कह सकते हैं ‘डक’ और गंभीर में कुछ समानता है.
गौरतलब हो कि गौतम गंभीर के लिए मौजूदा आईपीएल बेहद खराब रहा. इस बार उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने खरीदा था और अपना कप्तान बनाया. लेकिन गौतम की कप्तानी में दिल्ली की टीम ने शुरुआत तो ठीक की पर मैच दर मैच हार के कारण टीम की हालत खराब हो गयी. टीम की हार और अपने फॉर्म से परेशान गौतम ने कप्तानी छोड़ दी और ऐलान किया कि वो दिल्ली से कोई फिस नहीं लेंगे. बाद में श्रेयस अय्यर को दिल्ली का कप्तान बनाया गया. गौतम बाद में एक भी मैच नहीं खेले.
