जिले की सभी 150 ग्राम व नगर पंचायतों के खेल क्लब होंगे क्रियाशील

शारीरिक शिक्षकों को सौंपी गयी प्रखंड वार जिम्मेदारी, मैदानों को स्कूलों से किया जायेगा टैग
शारीरिक शिक्षकों को सौंपी गयी प्रखंड वार जिम्मेदारी, मैदानों को स्कूलों से किया जायेगा टैग सात निश्चय योजना पार्ट-3 के तहत ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने की बड़ी पहल भभुआ सदर. संयुक्त सचिव, खेल विभाग बिहार सरकार, पटना के निर्देशानुसार कैमूर जिले के सभी ग्राम व नगर पंचायतों में गठित खेल क्लबों को क्रियाशील बनाने हेतु गुरुवार को जगजीवन स्टेडियम स्थित उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गयी. बैठक की अध्यक्षता उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ओमप्रकाश कुमार द्वारा की गयी. इसमें पंचायत स्तरीय खेल क्लबों को चिह्नित कर उन्हें संबंधित विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों के साथ टैग करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. इस संबंध में मीडिया प्रभारी डॉ तुलसी प्रसाद सिंह ने बताया कि जिले की 146 ग्राम पंचायतों व 06 नगर पंचायतों के कुल 150 खेल क्लबों का गठन कर लिया गया है. इन क्लबों में अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के साथ-साथ सदस्यों का भी चुनाव संपन्न हो चुका है. विभागीय पत्र के आलोक में अब इन क्लबों व खेल मैदानों को क्रियाशील करने हेतु नजदीकी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शारीरिक शिक्षकों को चिह्लित कर उन्हें क्लब से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. इस कार्य को सफल बनाने हेतु जिले के विभिन्न प्रखंडों में शारीरिक शिक्षकों को तैनात किया गया है. भभुआ प्रखंड हेतु दिलीप कुमार पटेल, इम्तियाज अली व अशरफ अली को जिम्मेदारी दी गयी है. मोहनिया प्रखंड में जीरान अली, कुदरा में कमलेश कुमार, दुर्गावती में अमजद अंसारी, चांद में पप्पू कुमार, चैनपुर में अनिल कुमार व राजीव कुमार, भगवानपुर में रंजीत कुमार व उमेश प्रसाद, रामपुर में डॉ तुलसी प्रसाद सिंह व धीरज कुमार, अधौरा में शौकत अली गद्दी, रामगढ़ में संजय कुमार व नुआंव प्रखंड में विजेंद्र कुमार खरवार को नियुक्त किया गया है. उन्होंने बताया कि सभी ग्राम व नगर पंचायतों के खेल क्लबों व मैदानों को नजदीकी सरकारी स्कूल के शारीरिक शिक्षकों के साथ टैग किया जायेगा. यदि किसी पंचायत में खेल मैदान उपलब्ध नहीं है, तो नजदीकी विद्यालय या किसी अन्य खेल मैदान को उस क्लब से जोड़ा जायेगा. गौरतलब है कि खेल क्लबों को क्रियाशील बनाने के इस कार्य को राज्य सरकार द्वारा घोषित सात निश्चय योजना के पार्ट-3 में शामिल किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




