Paramahansa Yogananda Jayanti 2026: शरीर से परे गुरु, श्री श्री परमहंस योगानन्द का अमर संदेश

Paramahansa Yogananda Jayanti 2026: परमहंस योगानन्दजी का जीवन ईश्वर-साक्षात्कार, ध्यान और गुरु-शिष्य परंपरा की दिव्य यात्रा है. उनके विचार आज भी साधकों को आत्मिक शांति, भक्ति और आत्मबोध के मार्ग पर प्रेरित करते हैं.

Paramahansa Yogananda Jayanti 2026:  “यदि मैं आपसे नहीं मिलता हूं, तो याद रखें कि मैं किसी अन्य स्थान पर आपके लिए कार्य कर रहा हूं. मेरा हर समय आपसे मिलना आवश्यक रूप से आपके लिए सहायक नहीं होगा. आपको गहन और नियमित ध्यान करने से अधिक लाभ प्राप्त होगा. मैं यहां केवल इस जन्म में ही नहीं अपितु इस जीवन के परे भी आपकी सहायता करने के लिए आया हूं.”— श्री श्री परमहंस योगानन्द

गुरु-शिष्य संबंध: देह से परे आत्मिक बंधन

आज, श्री श्री परमहंस योगानन्दजी के आविर्भाव दिवस पर उनके ये शब्द हमें यह आश्वासन प्रदान करते हैं कि गुरु और शिष्य के बीच सच्चा सम्बन्ध गहन ध्यान, विश्वास और दैवीय कृपा से निरन्तर बना रहता है, जो शारीरिक उपस्थिति और यहाँ तक कि इस पार्थिव जीवन से भी परे है.

एक दिव्य आत्मा का जन्म और आध्यात्मिक वातावरण

योगानन्दजी का जन्म 5 जनवरी, 1893 को भारत में गोरखपुर में हुआ था. उनके माता-पिता, भगवती चरण घोष और ज्ञान प्रभा घोष, आध्यात्मिक रूप से समर्पित थे. योगानन्दजी बचपन से ही प्रार्थना और ध्यान में रूचि रखते थे, और उन्हें गहन आन्तरिक अवस्थाओं का अनुभव होता था, जिनमें दिव्य प्रकाश के दर्शन भी सम्मिलित थे. बाद में उन्होंने अपनी पुस्तक योगी कथामृत में अपने अनुभवों के उन क्षणों का वर्णन किया है, जिनके कारण उनके मन में प्रत्येक अन्य वस्तु की तुलना में सर्वोपरि ईश्वर की खोज करने का स्थायी दृढ़संकल्प उत्पन्न हुआ.

हिमालय की ओर आकर्षण और साधक की तपस्या

जैसे-जैसे वे बड़े होते गए, उनकी यह लालसा ईश्वर को प्राप्त करने की एक गहन खोज में परिवर्तित होती गई. इस विश्वास के साथ कि महान् सन्त हिमालय में निवास करते हैं और उनके आध्यात्मिक साक्षात्कार में उनका मार्गदर्शन कर सकते हैं, मुकुन्द ने अपनी किशोरावस्था में ही अनेक बार हिमालय की यात्रा करने का दृढ़ संकल्प किया और असफल प्रयास भी किये. यद्यपि बाह्य रूप से ये यात्राएं सफल नहीं हुईं, उन्होंने उनके विश्वास और संकल्प को दृढ़ किया.

गुरु श्रीयुक्तेश्वर से मिलन: जीवन का निर्णायक क्षण

सन् 1910 में, सत्रह वर्ष की आयु में, उनकी प्रार्थना साकार हुई जब वे ईश्वर द्वारा नियुक्त अपने गुरुदेव स्वामी श्रीयुक्तेश्वरजी से मिले. उनके कठोर परन्तु प्रेमपूर्ण मार्गदर्शन में, मुकुन्द ने अनेक वर्षों तक कठिन आध्यात्मिक प्रशिक्षण प्राप्त किया. आज्ञापालन, ध्यान और समर्पण के माध्यम से, उन्हें उनके जीवन के लक्ष्य के लिए तैयार किया गया. बाद में, उन्होंने संन्यास ग्रहण किया और परमहंस योगानन्द नाम अपनाया, जो ईश्वर के साथ एकत्व से प्राप्त होने वाले सर्वोच्च आनन्द को दर्शाता है.

संन्यास और ‘परमहंस योगानन्द’ नाम का अर्थ

योगानन्दजी ने हमें यह शिक्षा प्रदान की है कि मनुष्य के सभी प्रयास यथार्थ में ईश्वर की खोज ही हैं. उन्होंने कहा है कि, “मानव जाति ‘कुछ और’ की निरन्तर खोज में व्यस्त है, जिससे उसे आशा है कि सम्पूर्ण एवं असीम सुख मिल जाएगा. उन विशिष्ट आत्माओं के लिए जिन्होंने ईश्वर की खोज की और उन्हें प्राप्त कर लिया है, यह खोज समाप्त हो चुकी है : ईश्वर ही वह ‘कुछ और’ हैं.”

योगदा सत्संग सोसाइटी की स्थापना

सन् 1917 में, उन्होंने वैज्ञानिक ध्यान के अभ्यास और सन्तुलित आध्यात्मिक जीवन जीने की शिक्षाओं का प्रसार करने के लिए राँची में योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इण्डिया (वाईएसएस) की स्थापना की. सन् 1920 में, उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका की यात्रा की और लॉस एंजेलिस में सेल्फ-रियलाइजेशन फेलोशिप (एसआरएफ) की स्थापना की. इन दोनों संस्थाओं के माध्यम से, उन्होंने व्याख्यानों, केन्द्रों और गृह-अध्ययन पाठमाला के द्वारा सम्पूर्ण विश्व में क्रियायोग और ध्यान की शक्तिशाली शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार किया.

ईश्वर का प्रत्यक्ष अनुभव पाने का संदेश

तीस से अधिक वर्षों तक, श्री श्री परमहंस योगानन्द ने पश्चिम में अथक रूप से शिक्षा प्रदान की और ईश्वर के प्रति भक्ति, नियमित ध्यान और सभी सच्चे धर्मों की एकता पर बल दिया. उन्होंने साधकों को केवल ईश्वर में विश्वास करने के स्थान पर ईश्वर का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया.

आविर्भाव दिवस पर दिव्य उपस्थिति का अनुभव

उनके आध्यात्मिक गौरव ग्रन्थ योगी कथामृत ने लाखों हृदयों को स्पर्श किया है और और अभी भी निरन्तर अनेकों आत्माओं को ईश्वर-साक्षात्कार के मार्ग की ओर आकर्षित कर रही है. उनकी दो अन्य प्रमुख रचनाएं, ईश्वर-अर्जुन संवाद—श्रीमद्भगवद्गीता और द सेकंड कमिंग ऑफ क्राइस्ट, पूर्वी और पश्चिमी आध्यात्मिक परम्पराओं द्वारा साझा किए गए सार्वभौमिक सत्यों को और भी अधिक प्रकट करती हैं. आज, योगानन्दजी के आविर्भाव दिवस के अवसर पर उन सच्चे साधकों को उनकी उपस्थिति का अनुभव होता है जो उनके दिव्य मार्गदर्शन का आह्वान करते हैं. भक्ति, अनुशासन और ईश्वर की कृपा के माध्यम से, वे हमें आश्वासन प्रदान करते हैं कि सच्चे सुख की खोज केवल ईश्वर-प्राप्ति से ही पूर्ण होती है.

लेखिका : रेणु सिंह परमार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shaurya Punj

शौर्य पुंज डिजिटल मीडिया में पत्रकार हैं और वर्तमान में प्रभातखबर.कॉम में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. उन्हें न्यूज वर्ल्ड में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. शौर्य खबरों की नब्ज को समझकर उसे आसान और प्रभावी भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में माहिर हैं. साल 2008 में ग्रेजुएशन के दौरान उन्होंने दैनिक हिंदुस्तान, प्रभात खबर, दैनिक जागरण और तरंग भारती (हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र) के लिए फ्रीलांसिंग की. वर्ष 2011 में उन्होंने दैनिक जागरण के टैब्लॉइड समाचार पत्र iNext में दो महीने की इंटर्नशिप की. इसी दौरान उन्हें प्रभात खबर के डिजिटल सेक्शन में काम करने का अवसर मिला. अप्रैल 2011 से उन्होंने प्रभातखबर.कॉम के एंटरटेनमेंट सेक्शन के लिए कार्य करना शुरू किया. उस समय उन्होंने बॉलीवुड फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस बिजनेस और एंटरटेनमेंट गॉसिप जैसी खबरों पर काम किया. साल 2020 में कोरोना काल के दौरान उन्हें लाइफस्टाइल, धर्म-कर्म, एजुकेशन और हेल्थ जैसे नॉन-न्यूज सेक्शन में काम करने का अवसर मिला. उन्होंने लाइफस्टाइल कैटेगरी के कई महत्वपूर्ण सेक्शनों में योगदान दिया. Health & Fitness सेक्शन में डाइट, योग, वेट लॉस, मानसिक स्वास्थ्य और फिटनेस टिप्स से जुड़े उपयोगी कंटेंट पर कार्य किया. Beauty & Fashion सेक्शन में स्किन केयर, हेयर केयर, मेकअप और ट्रेंडिंग फैशन विषयों पर लेख तैयार किए. Relationship & Family कैटेगरी में पति-पत्नी संबंध, डेटिंग, पैरेंटिंग और दोस्ती जैसे विषयों पर जानकारीपूर्ण कंटेंट लिखा. Food & Recipes सेक्शन में हेल्दी फूड, रेसिपी और किचन टिप्स से संबंधित सामग्री विकसित की. Travel सेक्शन के लिए घूमने की जगहों, बजट ट्रिप और ट्रैवल टिप्स पर लेखन किया. Astrology / Vastu में राशिफल, वास्तु टिप्स और ज्योतिष आधारित कंटेंट पर काम किया. Career & Motivation सेक्शन में सेल्फ-इम्प्रूवमेंट, मोटिवेशन और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषयों पर योगदान दिया. Festival & Culture सेक्शन में त्योहारों की परंपराएं, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त से संबंधित कंटेंट पर कार्य किया. इसके अलावा Women Lifestyle / Men Lifestyle और Health Education & Wellness जैसे विषयों पर भी मर्यादित एवं जानकारीपूर्ण लेखन के माध्यम से योगदान दिया. साल 2023 से शौर्य ने पूरी तरह से प्रभातखबर.कॉम के धर्म-कर्म और राशिफल सेक्शन में अपना योगदान देना शुरू किया. इस दौरान उन्होंने दैनिक राशिफल, साप्ताहिक एवं मासिक भविष्यफल, पूजा-पाठ, व्रत-त्योहार, शुभ मुहूर्त, ज्योतिषीय उपाय, वास्तु टिप्स और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी खबरों पर विशेष फोकस किया. साथ ही पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए सरल, सहज और जानकारीपूर्ण धार्मिक कंटेंट तैयार करने पर लगातार कार्य किया. रांची में जन्मे शौर्य की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल, रांची से हुई. इसके बाद उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से मास कम्यूनिकेशन एण्ड वीडियो प्रोडक्शन में बी.ए. ऑनर्स की डिग्री प्राप्त की. यह शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें हिंदी पत्रकारिता की वह विशेषज्ञता प्रदान करती है, जो पत्रकारिता के मूल सिद्धांत 5Ws और 1H — क्या, कौन, कहां, कब, क्यों और कैसे — के आधार पर प्रभावी और तथ्यपूर्ण समाचार लेखन के लिए आवश्यक मानी जाती है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >