जब भगवान जगन्नाथ के सिर से बहने लगा खून! पुरी मंदिर के दो चमत्कारी रहस्य जो आज भी करते हैं हैरान

Jagannath Puri Miracle Story: भगवान जगन्नाथ मंदिर, पुरी से जुड़ी कई चमत्कारी कथाएं सदियों से लोगों की आस्था का केंद्र रही हैं. जानिए पुरी जगन्नाथ मंदिर के इन अद्भुत रहस्यों, लोककथाओं और चमत्कारों के बारे में, जो आज भी श्रद्धालुओं को आश्चर्यचकित करते हैं और भगवान के प्रति उनकी आस्था को और मजबूत बनाते हैं.

Jagannath Puri Miracle Story: जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 का आयोजन 16 जुलाई से 24 जुलाई तक किया जाएगा. यह केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि भगवान और भक्त के बीच अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है. रथ यात्रा का सबसे बड़ा संदेश यही है कि भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आते हैं और उन्हें दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान करते हैं. पुरी की रथ यात्रा की परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण उल्लेख स्कंद पुराण के उत्कल खंड में मिलता है, जहां इस महापर्व की महिमा का विस्तृत वर्णन किया गया है.

रहस्यों और चमत्कारों से जुड़ा है जगन्नाथ धाम

ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर को हिंदू धर्म के चार प्रमुख धामों में शामिल किया जाता है. यह मंदिर अपनी भव्यता के साथ-साथ अनेक रहस्यमयी घटनाओं और लोककथाओं के लिए भी प्रसिद्ध है. भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा से जुड़ी कई ऐसी कथाएं हैं, जो आज भी श्रद्धालुओं को आश्चर्यचकित कर देती हैं. इनमें तालिचा मोहपात्रा की भक्ति और भगवान की अधूरी प्रतिमाओं का रहस्य सबसे अधिक चर्चित है.

जब भक्त की लाज बचाने स्वयं आए भगवान

लोककथाओं के अनुसार तालिचा मोहपात्रा भगवान जगन्नाथ के परम भक्त और मंदिर के पुजारी थे. एक दिन पुरी के राजा ने दर्शन के बाद भगवान की माला प्रसाद स्वरूप मांगी. संयोग से उस दिन भगवान ने कोई माला धारण नहीं की थी. राजा को निराश न करने के लिए मोहपात्रा ने अपनी माला भगवान को पहनाकर वही माला राजा को दे दी.

जब राजा महल पहुंचे तो उन्हें माला में एक लंबा काला बाल दिखाई दिया. यह देखकर उन्हें संदेह हुआ कि पुजारी ने धोखा दिया है. उन्होंने मोहपात्रा को दरबार में बुलाकर पूछा कि भगवान के सिर पर बाल कब से आने लगे. भयभीत पुजारी ने कह दिया कि भगवान के सिर पर वास्तव में बाल हैं और अगले दिन स्वयं देखने का आग्रह किया.

जब भगवान के सिर से बहने लगा खून

रातभर मोहपात्रा भगवान से अपनी रक्षा की प्रार्थना करते रहे. मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ ने स्वप्न में उन्हें आश्वासन दिया कि वे उनकी लाज रखेंगे. अगले दिन जब मंदिर के कपाट खुले, तो भगवान की प्रतिमा पर घने और लंबे बाल दिखाई दिए.

राजा ने इसकी सत्यता परखने के लिए भगवान के सिर से एक बाल खींच लिया. लोककथा के अनुसार, जैसे ही बाल खींचा गया, भगवान के मस्तक से रक्त बहने लगा. यह चमत्कार देखकर राजा स्तब्ध रह गए और उन्होंने पुजारी से क्षमा मांगते हुए उनकी भक्ति को प्रणाम किया.

ये भी पढ़ें: जगन्नाथ रथ यात्रा का रहस्य: क्यों निकाले जाते हैं भगवान जगन्नाथ रथ पर?


अधूरी मूर्तियों का रहस्य

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं का स्वरूप अन्य मंदिरों की मूर्तियों से अलग है. पौराणिक मान्यता के अनुसार राजा इंद्रद्युम्न ने समुद्र से प्राप्त दिव्य काष्ठ से भगवान विष्णु की प्रतिमा बनवाने का संकल्प लिया था. तभी एक वृद्ध बढ़ई उनके पास आया और मूर्ति निर्माण का कार्य स्वीकार किया.

उसने शर्त रखी कि मूर्ति निर्माण पूरा होने तक कोई भी कमरे का द्वार नहीं खोलेगा. कई दिनों तक कोई आवाज न आने पर महारानी चिंतित हो गईं और उन्होंने दरवाजा खुलवा दिया. दरवाजा खुलते ही वृद्ध बढ़ई गायब था, लेकिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की अधूरी प्रतिमाएं वहां मौजूद थीं.

आकाशवाणी से प्रकट हुई भगवान की इच्छा

राजा और महारानी अधूरी मूर्तियों को देखकर दुखी हो गए. तभी आकाशवाणी हुई कि भगवान इसी स्वरूप में विराजमान रहना चाहते हैं. इसके बाद उन्हीं प्रतिमाओं की स्थापना की गई. आज भी पुरी जगन्नाथ मंदिर में भगवान इसी अनोखे स्वरूप में विराजमान हैं और करोड़ों श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

भक्ति और विश्वास का संदेश देती हैं ये कथाएं

जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी ये कथाएं केवल चमत्कारों की कहानियां नहीं हैं, बल्कि भगवान और भक्त के बीच अटूट विश्वास का प्रतीक हैं. यही कारण है कि रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए उमड़ पड़ते हैं. यह महापर्व हमें सिखाता है कि सच्ची भक्ति और अटूट विश्वास के सामने स्वयं भगवान भी अपने भक्तों की रक्षा के लिए प्रकट हो जाते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >