सदाचार की विजय और भक्ति की शक्ति का प्रतीक पर्व है होली

Holi 2026: होली प्रेम, समरसता और बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है. होलिका दहन, प्रह्लाद कथा और वसंत ऋतु से जुड़ा यह उत्सव धार्मिक, सामाजिक और कृषक महत्व रखता है.

महामहोपाध्याय आचार्य डॉ सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय
पूर्व आइएएस, प्रयागराज

Holi 2026: होली भारत का एक प्रमुख और अत्यंत लोकप्रिय त्योहार है. इसे रंगोत्सव, मदनोत्सव, चैत्रोत्सव और बसंतोत्सव भी कहा जाता है. यह पर्व मुख्य रूप से उत्तर भारत में बहुत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, हालांकि अब पूरे देश में इसका व्यापक प्रभाव है. होली फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाई जाती है. इस दिन रात में होलिका दहन होता है और अगले दिन रंगों से होली खेली जाती है. कई स्थानों पर यह त्योहार दो या तीन दिन तक चलता है. यह केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि प्रेम, मेलजोल और सामाजिक समरसता का प्रतीक है.

प्राचीन ग्रंथों में होली का वर्णन

होली का उल्लेख अनेक प्राचीन ग्रंथों में मिलता है. शतपथ ब्राह्मण, विष्णु पुराण, भागवत पुराण, नारद पुराण, पद्म पुराण और भविष्य पुराण जैसे ग्रंथों में फाल्गुन पूर्णिमा और होलिका दहन का विस्तार से वर्णन मिलता है. नारद पुराण में कहा गया है कि फाल्गुन पूर्णिमा की रात को लकड़ी और उपलों को इकट्ठा करके विधि-विधान से अग्नि प्रज्ज्वलित करनी चाहिए. यह अग्नि पापों का नाश करने वाली मानी गई है. होलिका की परिक्रमा करके उत्सव मनाने का विधान भी बताया गया है.

प्रह्लाद और होलिका की कथा

होली के पीछे सबसे प्रसिद्ध कथा हिरण्यकशिपु, उसके पुत्र प्रह्लाद और उसकी बहन होलिका की है. हिरण्यकशिपु एक अत्याचारी राजा था, जो चाहता था कि सभी उसकी पूजा करें. लेकिन उसका पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु का भक्त था. हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को मारने के कई प्रयास किए, पर वह हर बार बच गया. अंत में उसने अपनी बहन होलिका को आदेश दिया कि वह प्रह्लाद को गोद में लेकर अग्नि में बैठ जाए. होलिका को वरदान था कि वह आग में नहीं जलेगी. लेकिन भगवान की कृपा से प्रह्लाद सुरक्षित बच गया और होलिका जलकर भस्म हो गई. यह घटना सत्य की असत्य पर, भक्ति की अहंकार पर और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है. तभी से फाल्गुन पूर्णिमा की रात होलिका दहन की परंपरा शुरू हुई.

कामदेव और होली का संबंध

कुछ मतों के अनुसार होली का संबंध कामदेव से भी है. मान्यता है कि भगवान शिव की तपस्या भंग करने के प्रयास में कामदेव भस्म हो गए थे. बाद में उन्हें पुनर्जीवन मिला. इसलिए होली को प्रेम और कामभावना से भी जोड़ा जाता है. वसंत ऋतु स्वयं प्रेम, उमंग और आनंद की ऋतु है. इस समय प्रकृति भी रंग-बिरंगी हो जाती है. पेड़ों पर नए पत्ते आते हैं, फूल खिलते हैं और वातावरण में नई ऊर्जा का संचार होता है.

होली का कृषक और धार्मिक महत्व

होली केवल धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि इसका कृषिक महत्व भी है. फाल्गुन के अंत तक रबी की फसलें पकने लगती हैं. पुराने समय में लोग नई फसल को पहले देवताओं को अर्पित करते थे. वैदिक मान्यता के अनुसार अग्नि देवताओं का मुख है. इसलिए यज्ञ में अग्नि के माध्यम से अन्न अर्पित किया जाता है. आज भी होलिका दहन के समय लोग गेहूं, जौ और अन्य फसलों की बालियां अग्नि में डालते हैं. इस प्रकार होली नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व भी है. होली के बाद ही खेतों में कटाई का काम शुरू होता है.

ढूंढा राक्षसी की कथा

भविष्य पुराण में ढूंढा नामक एक राक्षसी का उल्लेख मिलता है. कहा जाता है कि उसे शिवजी से वरदान प्राप्त था और वह बच्चों को कष्ट देती थी. उसे दूर भगाने के लिए लोग शोर मचाते और उसके प्रतीक स्वरूप पुतले को जलाते थे. इस कथा से यह संदेश मिलता है कि बुराई को मिलकर दूर किया जा सकता है. होली की अग्नि पाप और नकारात्मकता के दहन का प्रतीक है.

वसंत ऋतु और आनंद का संबंध

होली वसंत ऋतु में आती है. वसंत को ऋतुराज कहा गया है, क्योंकि यह हर्ष और उल्लास की ऋतु है. प्रकृति इस समय सबसे सुंदर रूप में दिखाई देती है. महाकवि कालिदास ने अपने प्रसिद्ध काव्य ऋतुसंहार में वसंत ऋतु का सुंदर वर्णन किया है. वसंत के आगमन से वातावरण में प्रेम, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार होता है. प्राचीन काल में वसंतोत्सव के अवसर पर नाटक, संगीत और नृत्य का आयोजन होता था. लोग शृंगार रस से भरपूर कार्यक्रमों में भाग लेते थे.

होली और स्वास्थ्य

होली का त्योहार केवल मनोरंजन के लिए नहीं है, बल्कि इसका संबंध मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से भी है. गाना-बजाना, नाचना, हंसी-मजाक और मेलजोल से मन का तनाव दूर होता है. आयुर्वेद के अनुसार प्रसन्न मन वाले व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा रहता है. होली लोगों के भीतर के दुख और विषाद को दूर कर आनंद भरती है.

ये भी पढ़ें: तो ऐसे शुरू हुई मगध में बुढ़वा मंगल होली

सामाजिक समरसता का संदेश

होली का सबसे बड़ा महत्व सामाजिक समरसता है. यह एक ऐसा त्योहार है जिसमें ऊंच-नीच, जाति-पाति, अमीर-गरीब का भेदभाव नहीं रहता. सभी लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिलते हैं. यह त्योहार हमें सिखाता है कि मन के भेदभाव और पुराने गिले-शिकवे भूलकर प्रेम से जीवन जीना चाहिए. होली सामूहिक उत्सव है, इसे अकेले नहीं मनाया जाता. एक वर्ष में जो भी मतभेद होते हैं, वे होली की अग्नि में भस्म हो जाने चाहिए. यह पर्व भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है.

आज के समय में होली का महत्व

आज समाज में तनाव, अकेलापन और आपसी दूरी बढ़ती जा रही है. ऐसे समय में होली का महत्व और भी बढ़ जाता है. यह त्योहार लोगों को जोड़ने, प्रेम बढ़ाने और सकारात्मकता फैलाने का अवसर देता है. होली हमें सिखाती है कि जीवन में आनंद का संचार आवश्यक है. रंगों की तरह जीवन में भी विविधता है. हमें हर रंग को स्वीकार करना चाहिए. अंत में यही कामना है कि सभी के जीवन में आनंद, स्वास्थ्य और समृद्धि आए. होली का यह पावन पर्व सबके जीवन में सुख, शांति और प्रेम का संचार करे. आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >