आप खुद बनें कल्पवृक्ष

एक इंसान के तौर पर हमने इस धरती पर जो कुछ भी बनाया है, असल में उसकी रचना पहले हमारे मन में हुई. आप देख सकते हैं कि इंसान द्वारा किये गये हर काम का विचार पहले उसके मन में आया, उसके बाद ही वह चीज बाहरी दुनिया में हुई. इस धरती पर जो भी […]

एक इंसान के तौर पर हमने इस धरती पर जो कुछ भी बनाया है, असल में उसकी रचना पहले हमारे मन में हुई. आप देख सकते हैं कि इंसान द्वारा किये गये हर काम का विचार पहले उसके मन में आया, उसके बाद ही वह चीज बाहरी दुनिया में हुई. इस धरती पर जो भी खूबसूरत या भयानक काम हुए हैं, वे दोनों ही हमारे मन की उपज हैं.

अगर हम चाहते हैं कि दुनिया खूबसूरत बने, तो सबसे पहले हमें अपने मन में सही चीजों की रचना करना सीखना होगा. हमें अपने मन को संभालना होगा. जब आपके चारों पहलू- शरीर, मन, भावना और ऊर्जा एक ही दिशा में काम करने लगती हैं, तब आप जो भी इच्छा करेंगे, पूरी हो जायेगी, और आप खुद ही एक कल्पवृक्ष बन जायेंगे. लेकिन मन की समस्या यह है कि यह हर पल दिशा बदल रहा है.

यह ऐसे ही है जैसे आप कहीं जाना चाहते हैं और हर दो कदम पर अपनी दिशा बदल रहे हैं. ऐसी हालत में आपके लिए मंजिल तक पहुंचने की संभावना बहुत कम हो जाती है. अगर संयोग से पहुंच गये तो बात दूसरी है. आपने शायद उन लोगों के बारे में सुना होगा, जिन्होंने किसी चीज की इच्छा की और वह उन्हें मिल गयी. आमतौर पर ऐसा उन्हीं लोगों के साथ होता है, जिन्हें अटल विश्वास होता है. मान लीजिए कि आप एक घर बनाना चाहते हैं. अगर आप सोचते हैं कि मैं एक घर बनाना चाहता हूं.

इसके लिए मुझे पचास लाख रुपये की जरूरत है, पर मेरी जेब में बस पचास रुपये हैं, यह संभव नहीं है. जिस पल आप कहते हैं ‘यह संभव नहीं है,’ तब आप यह भी कह रहे होते हैं कि मुझे यह नहीं चाहिए. जिन लोगों को किसी भगवान, किसी मंदिर या किसी अन्य चीज में भरोसा होता है, वे सरल बुद्धि के होते हैं. विश्वास केवल ऐसे लोगों के लिए ही काम करता है. मैं आपको समझाना चाहता हूं कि भगवान आपके लिए अपनी छोटी उंगली भी नहीं उठायेंगे. जिसे आप भगवान कहते हैं, वह सृष्टि का स्रोत है.

और सृष्टि ही उसके लिए यह करेगी. अगर जीवन को वैसा होना है, जैसा आप सोचते हैं, तो वह जरूर हो सकता है. लेकिन यह इस पर निर्भर है कि आप कैसे सोचते हैं, कितनी गहराई से सोचते हैं, आपके विचारों में कितनी स्थिरता है.

– सद्गुरु जग्गी वासुदेव

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >