विक्रम संवत् 2083, ग्रहों की चाल बताएगी भारत का भविष्य

Vikram Samvat 2083 predictions: विक्रम संवत् 2083 में ग्रहों की स्थिति भारत में समृद्धि, आर्थिक मजबूती और सामाजिक बदलाव के संकेत देती है. बृहस्पति का प्रभाव विकास और शांति को बढ़ावा देगा.

Vikram Samvat 2083 predictions: विक्रम संवत् 2083 में ग्रहों की स्थिति यह संकेत दे रही है कि भारत में सामान्य जनता ज्ञान, वैराग्य और आध्यात्मिक विषयों की ओर अधिक आकर्षित होगी. धार्मिक आयोजनों में वृद्धि होगी और लोग आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर होंगे. हालांकि जलवायु की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कृषि उत्पादन संतोषजनक रहेगा. आइए जानें ज्योतिषाचार्य डॉ एन के बेरा से कि विक्रम संवत् 2083 भारत के लिए कैसा रहेगा. राजनीतिक क्षेत्र में विचार-विमर्श का स्तर कुछ हद तक दूषित हो सकता है और राष्ट्रविरोधी ताकतें सक्रिय रहने की कोशिश करेंगी, लेकिन वे अपने उद्देश्यों में पूर्णतः सफल नहीं हो पाएंगी.

बृहस्पति का प्रभाव: समृद्धि और स्थिरता का योग

इस वर्ष लग्न का स्वामी बृहस्पति होने के कारण संवत्सर को सुख, समृद्धि और विकास का कारक माना जा रहा है. बृहस्पति को नवग्रहों में ‘गुरु’ का स्थान प्राप्त है, जो बुद्धि, ज्ञान और सद्विचारों का प्रतिनिधित्व करता है. केंद्र में स्थित बृहस्पति देश में उत्पन्न होने वाली बाधाओं को कम करेगा और राष्ट्र को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाएगा. इसके प्रभाव से नई योजनाएं बनेंगी और प्रबुद्ध वर्ग उन्हें सफलतापूर्वक लागू करेगा.

राष्ट्र विरोधी शक्तियां होंगी विफल

ग्रहों की स्थिति यह भी संकेत देती है कि देश को विभाजित करने वाली शक्तियां अपने प्रयासों में सफल नहीं हो पाएंगी. दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने वाली गतिविधियों का प्रभाव सीमित रहेगा. बृहस्पति के प्रभाव से राष्ट्र की एकता और अखंडता मजबूत होगी. साथ ही विश्व के कई देश भारत के साथ मैत्री और सहयोग बढ़ाने के लिए आगे आएंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति और मजबूत होगी.

एशिया में शांति और वैश्विक प्रभाव

इस वर्ष ग्रह परिषद में अधिकांश अधिकार सौम्य ग्रहों को प्राप्त हुए हैं, जो सकारात्मक संकेत देता है. बृहस्पति, मंगल और चंद्रमा जैसे ग्रहों का प्रभाव विश्व में संतुलन बनाए रखने में सहायक होगा. भारत, पाकिस्तान और अन्य एशियाई देशों में राजनीतिक और सामाजिक वातावरण अपेक्षाकृत शांत और सौहार्दपूर्ण रहने की संभावना है. हालांकि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों का असर भारत पर पड़ सकता है, विशेष रूप से कच्चे तेल और गैस की कीमतों में वृद्धि के रूप में.

आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत

बुध ग्रह, जो व्यापार और बुद्धि का कारक है, इस वर्ष आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इसके प्रभाव से मध्यम वर्ग को राहत मिल सकती है और कर प्रणाली में सुधार के संकेत हैं. व्यापारी वर्ग में आत्मविश्वास बढ़ेगा और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी. बृहस्पति के प्रभाव से शासन तंत्र अधिक सक्रिय और प्रभावी बनेगा, जिससे देश की आर्थिक और सामाजिक संरचना मजबूत होगी.

नव संवत्सर का शुभ मुहूर्त

शास्त्रों के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नववर्ष का प्रारंभ माना जाता है. वर्ष 2026 में यह तिथि 19 मार्च को सूर्योदय के बाद प्रारंभ होकर अगले दिन सूर्योदय से पहले समाप्त हो रही है, जिससे यह उदय-व्यापिनी नहीं है. धर्म शास्त्रों के अनुसार, ऐसी स्थिति में पहले दिन को ही नव संवत्सर का आरंभ माना जाता है. इसलिए विक्रम संवत् 2083 का प्रारंभ 19 मार्च 2026, गुरुवार को ही होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >