Solar Eclipse 2026: आने वाले बुधवार यानी 12 अगस्त 2026 को लगने वाला सूर्य ग्रहण ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मान्यता है कि ग्रहण का प्रभाव सभी राशियों पर अलग-अलग हो सकता है. कुछ राशियों को लाभ के संकेत मिल सकते हैं, जबकि कुछ को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. ज्योतिषाचार्य डॉ एन के बेरा का ये ग्रहण विशेष राशिफल ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित हैं.
मेष राशि: परिवार और प्रॉपर्टी मामलों में रहें सतर्क
मेष राशि वालों के लिए ग्रहण का प्रभाव पारिवारिक जीवन पर पड़ सकता है. घर-परिवार में किसी बात को लेकर तनाव या असहजता महसूस हो सकती है. माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है. जमीन-जायदाद या प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में जल्दबाजी न करें. किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें.
वृषभ राशि: बढ़ेगा आत्मविश्वास, भाई-बहन से विवाद से बचें
वृषभ राशि के जातकों के साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि हो सकती है. कठिन कामों को पूरा करने में सफलता मिलेगी और आप चुनौतियों का सामना बेहतर तरीके से कर पाएंगे. हालांकि, छोटे भाई-बहनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद हो सकते हैं. अपनी बात रखते समय संयम और धैर्य बनाए रखें.
मिथुन राशि: आर्थिक लाभ के बनेंगे योग
मिथुन राशि वालों के लिए ग्रहण का प्रभाव आर्थिक मामलों में सकारात्मक रह सकता है. आय के नए स्रोत बनने या धन से जुड़े किसी अवसर के मिलने के संकेत हैं. आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है. हालांकि, बातचीत के दौरान अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें. कठोर शब्द किसी करीबी व्यक्ति को आहत कर सकते हैं.
कर्क राशि: मानसिक तनाव से बचें
ग्रहण कर्क राशि में होने के कारण इस राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. मन में बेचैनी, तनाव या असमंजस की स्थिति बन सकती है. स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें. महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय भावनाओं के बजाय धैर्य और समझदारी से काम लें.
सिंह राशि: खर्च बढ़ सकते हैं
सिंह राशि वालों के लिए ग्रहण के दौरान अनावश्यक खर्च बढ़ने की संभावना है. मानसिक चिंता भी परेशान कर सकती है. बेवजह की यात्राओं से बचना बेहतर रहेगा. अचानक कोई बाधा सामने आ सकती है. वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें.
कन्या राशि: रुके काम होंगे पूरे
कन्या राशि के लिए 12 अगस्त का सूर्य ग्रहण अपेक्षाकृत सकारात्मक रह सकता है. आय के स्रोत बढ़ने और आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं. लंबे समय से अटके हुए काम दोबारा गति पकड़ सकते हैं. आपकी मेहनत का उचित परिणाम मिल सकता है. नए अवसरों को पहचानकर आगे बढ़ने का प्रयास करें.
ये भी पढ़ें: ग्रहण का गर्भस्थ बच्चे पर क्या पड़ता है असर? जानें धार्मिक आस्था, मान्यता और इससे बचने के पीछे की असली वजह
तुला राशि: कार्यक्षेत्र में बदलाव के संकेत
तुला राशि वालों को नौकरी या कार्यक्षेत्र में तनाव का सामना करना पड़ सकता है. काम से जुड़े किसी बदलाव को लेकर असमंजस रह सकता है. पिता के साथ वैचारिक मतभेद की स्थिति भी बन सकती है. ऐसे में बहस करने के बजाय शांतिपूर्वक अपनी बात रखना आपके लिए बेहतर रहेगा.
वृश्चिक राशि: भाग्य का मिलेगा साथ
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए ग्रहण का प्रभाव कई मामलों में अनुकूल रह सकता है. भाग्य का साथ मिलने से काम पूरे हो सकते हैं. धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी. हालांकि, लंबी यात्रा के दौरान सावधानी बरतें. यात्रा से पहले जरूरी दस्तावेज और अन्य तैयारियां पूरी कर लें.
धनु राशि: लक्ष्य पर ध्यान देने का समय
धनु राशि के लिए ग्रहण के दौरान किसी बड़े नकारात्मक प्रभाव के संकेत प्रमुख नहीं हैं. यह समय अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने का हो सकता है. आर्थिक मामलों में संतुलित निर्णय लें और व्यक्तिगत जीवन में जल्दबाजी से बचें. अपनी योजनाओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने से लाभ मिल सकता है.
मकर राशि: रिश्तों में संवाद जरूरी
मकर राशि वालों के वैवाहिक जीवन और साझेदारी से जुड़े मामलों पर ग्रहण का प्रभाव पड़ सकता है. जीवनसाथी के साथ किसी मुद्दे पर मतभेद हो सकते हैं. व्यापारिक साझेदारी में भी पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी होगा. किसी समस्या को बढ़ाने के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास करें.
कुंभ राशि: विरोधियों पर मिलेगी बढ़त
कुंभ राशि के जातकों के लिए ग्रहण कुछ मामलों में लाभकारी रह सकता है. विरोधियों और प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त मिलने के संकेत हैं. अटके हुए काम पूरे हो सकते हैं. हालांकि, स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें. खासकर पेट से जुड़ी परेशानी को नजरअंदाज न करें और खान-पान में संयम रखें.
मीन राशि: रचनात्मक क्षेत्र में सफलता
मीन राशि वालों के लिए सूर्य ग्रहण का प्रभाव रचनात्मक और सकारात्मक रह सकता है. कला, लेखन, संगीत और दूसरे क्रिएटिव क्षेत्रों से जुड़े लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं. संतान पक्ष से कोई अच्छी खबर मिलने की संभावना भी बन सकती है. अपनी प्रतिभा पर भरोसा रखें और नए विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास करें.
