Mars Transit 2026: वैदिक ज्योतिष में मंगल ग्रह को ऊर्जा, साहस, क्रोध और पराक्रम का कारक माना जाता है. 11 मई से मंगल अपनी ही राशि मेष में गोचर करने जा रहे हैं और यह स्थिति 21 जून तक बनी रहेगी. मंगल का अपनी राशि में होना जहां कुछ लोगों के लिए आत्मविश्वास और ऊर्जा बढ़ाने वाला साबित होगा, वहीं कुछ राशियों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण रह सकता है. ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार कर्क, तुला, मकर और मीन राशि के जातकों को अगले 42 दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
कर्क राशि: बढ़ सकता है मानसिक तनाव
कर्क राशि वालों के लिए मंगल का यह गोचर मानसिक अशांति और तनाव लेकर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों या वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विवाद की स्थिति बन सकती है. गुस्से और वाणी पर नियंत्रण नहीं रखने से बने हुए काम भी बिगड़ सकते हैं. परिवार में खासकर माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रह सकती है. इस दौरान धैर्य और संयम बनाए रखना बेहद जरूरी होगा.
तुला राशि: रिश्तों और कारोबार में सावधानी जरूरी
तुला राशि के जातकों के लिए मंगल का प्रभाव वैवाहिक और साझेदारी संबंधों में तनाव पैदा कर सकता है. जीवनसाथी के साथ छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़ने की आशंका है. यदि आप पार्टनरशिप में बिजनेस कर रहे हैं तो पैसों के लेनदेन में पूरी पारदर्शिता रखें. लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है. किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले अच्छी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें.
मकर राशि: दुर्घटना और खर्च बढ़ने के संकेत
मकर राशि वालों को इस अवधि में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतनी होगी. चोट लगने या दुर्घटना की संभावना बन रही है. घर-परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है. घरेलू सुख-सुविधाओं में कमी महसूस होगी और अनावश्यक खर्चों से बजट प्रभावित हो सकता है. किसी भी विवाद में जल्दबाजी में फैसला लेने से बचें.
मीन राशि: धन हानि का बन रहा योग
मीन राशि के जातकों के लिए यह गोचर आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है. निवेश के लिए समय अनुकूल नहीं माना जा रहा, इसलिए जोखिम भरे फैसलों से दूरी बनाएं. कटु वाणी रिश्तों में दूरियां बढ़ा सकती है. स्वास्थ्य के मामले में आंखों और पेट से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं.
अशुभ प्रभाव कम करने के उपाय
मंगल के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करें. जरूरतमंदों को लाल वस्त्र या मसूर दाल का दान करना भी शुभ माना गया है.
