जून 2026 के ग्रह गोचर: जानें इस माह की ग्रह स्थिति, पुष्य नक्षत्र, पंचक और प्रमुख ज्योतिषीय योग

June 2026 Grah Gochar: जून 2026 में सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र के राशि परिवर्तन से कई महत्वपूर्ण ज्योतिषीय योग बनेंगे. जानें ग्रह गोचर, पंचक, पुष्य नक्षत्र और शुभ मुहूर्त की जानकारी.

June 2026 Grah Gochar: जून 2026 का महीना कई महत्वपूर्ण ग्रह परिवर्तनों और ज्योतिषीय घटनाओं से भरपूर रहने वाला है. यह माह ज्येष्ठ और आषाढ़ मास के संधिकाल का साक्षी बनेगा. ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा के अनुसार ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष का समापन 15 जून को होगा, जबकि 16 जून से ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष आरंभ होगा, जिसकी पूर्णिमा 29 जून को पड़ेगी. इसके बाद 30 जून से आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की शुरुआत होगी.

उत्तरायण में सूर्य, दिन होंगे बड़े

इस पूरे माह सूर्य उत्तरायण की यात्रा में उत्तर गोल में स्थित रहेगा और ग्रीष्म ऋतु का प्रभाव बना रहेगा. 1 जून को सूर्योदय सुबह 5:16 बजे और सूर्यास्त शाम 6:44 बजे होगा. वहीं 30 जून को सूर्योदय 5:13 बजे तथा सूर्यास्त 6:47 बजे होगा.

माह के दौरान दिन की अवधि लगभग 6 मिनट बढ़ेगी और रातें 6 मिनट छोटी होंगी. इसका कारण सूर्य का उत्तरायण में होना माना गया है, जिससे दिन लंबे और रातें अपेक्षाकृत छोटी रहेंगी.

जून 2026 में ग्रहों की स्थिति

इस माह सूर्य प्रारंभ में वृषभ राशि में रहेगा और 15 जून को मिथुन राशि में प्रवेश करेगा. मंगल मेष राशि में रहते हुए 20 जून को वृषभ राशि में गोचर करेगा.

बुध मिथुन राशि में रहेगा और 22 जून को कर्क राशि में प्रवेश करेगा. इसके बाद 30 जून को बुध वक्री अवस्था में आ जाएगा. शुक्र 8 जून को मिथुन से कर्क राशि में प्रवेश करेगा. गुरु कर्क राशि, शनि मीन राशि, राहु कुंभ राशि और केतु सिंह राशि में भ्रमण करेंगे.

सूर्य नक्षत्र परिवर्तन और मिथुन संक्रांति

सूर्य पूरे माह नक्षत्र परिवर्तन भी करेगा. 8 जून को सूर्य रोहिणी नक्षत्र से मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश करेगा, जबकि 22 जून को आर्द्रा नक्षत्र में पहुंच जाएगा. 15 जून को सूर्य का मिथुन राशि में प्रवेश मिथुन संक्रांति के रूप में महत्वपूर्ण माना जाएगा.

पुष्य नक्षत्र और पंचक की तिथियां

  • जून माह में पुष्य नक्षत्र 17 जून शाम 5:42 बजे से प्रारंभ होकर 18 जून दोपहर 4:25 बजे तक रहेगा. ज्योतिष में पुष्य नक्षत्र को अत्यंत शुभ माना जाता है और इस दौरान कई मांगलिक कार्य किए जाते हैं.
  • वहीं पंचक 6 जून दोपहर 3:31 बजे से शुरू होकर 10 जून रात 3:59 बजे तक रहेगा. पंचक काल में कुछ विशेष कार्यों को करने से बचने की सलाह दी जाती है.

ये भी पढ़ें: 1 से 7 जून 2026 अंक ज्योतिष साप्ताहिक भविष्यफल: जानें किस मूलांक के खुलेंगे सफलता के नए द्वार

ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा जून

ग्रहों के राशि परिवर्तन, सूर्य की मिथुन संक्रांति, पुष्य नक्षत्र और पंचक जैसे योगों के कारण जून 2026 का महीना ज्योतिषीय रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह माह कई राशियों के जीवन में बदलाव और नए अवसर लेकर आ सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shaurya punj

मैं धर्म, ज्योतिष और आध्यात्मिक विषयों पर लेखन में विशेषज्ञता रखता हूं. हस्तरेखा शास्त्र, राशिफल, ग्रह-नक्षत्र, धार्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं से जुड़े विषयों पर मेरी विशेष रुचि और गहरी समझ है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया और कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. धर्म और ज्योतिष के अलावा एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी लगातार लेखन करता रहा हूं. मेरी कोशिश रहती है कि जटिल विषयों को आसान, रोचक और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाया जाए.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >