Ram Navami 2026, Mangalwari Shobha Yatra: रामनवमी महोत्सव के तहत तीसरी और अंतिम मंगलवारी शोभायात्रा मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी. विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्राएं शाम सात बजे के बाद अलग-अलग स्थानों से निकलेंगी और पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए अपर बाजार स्थित महावीर चौक पहुंचेंगी. यहां श्री रामनवमी श्रृंगार समिति द्वारा शोभायात्राओं का भव्य स्वागत किया जाएगा और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण होगा. इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे.
डोरंडा में भी निकलेगी भव्य शोभायात्रा
इधर, श्री महावीर मंडल डोरंडा केंद्रीय समिति के तत्वावधान में भी मंगलवारी शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा. यह यात्रा मनी टोला, घाघरा और एजी कॉलोनी से शुरू होकर गाजे-बाजे, झांकियों और जय श्रीराम के नारों के साथ डोरंडा स्थित श्री शिव मंदिर और महावीर मंदिर तक पहुंचेगी. वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी अखाड़े अपने-अपने क्षेत्रों को लौट जाएंगे. समिति के अध्यक्ष संजय पोद्दार और मंत्री पप्पू वर्मा ने सभी अखाड़ाधारियों से समय पर शोभायात्रा निकालने की अपील की है.
आगे के कार्यक्रम: महाअष्टमी और रामनवमी शोभायात्रा
महोत्सव के तहत 26 मार्च को महाअष्टमी की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जबकि 27 मार्च को रामनवमी के दिन भव्य और विशाल शोभायात्रा आयोजित की जाएगी. इन कार्यक्रमों को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: राम नवमी 2026 कब है? जानें पूजा की तिथि, विधि और मंत्र
अस्त्र-शस्त्र प्रतियोगिता में ललगुटवा प्रथम
श्री महावीर मंडल थड़पखना के तत्वावधान में यूनियन क्लब के सामने अस्त्र-शस्त्र संचालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में 27 टीमों ने भाग लिया. श्री महावीर मंडल ललगुटवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं करम टोली युवा समिति दूसरे और बरटोली चुटिया तीसरे स्थान पर रही. श्री महावीर मंडल रामगढ़ ज्ञान समिति चितरपुर को विशेष पुरस्कार के रूप में तलवार और शील्ड प्रदान की गई. कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
