पंजाब किंग्स के खिलाडी SRH के खिलाफ काली पट्टी बांधकर क्यों उतरे? जानिए कारण

PBKS Players Wear Black Armbands: पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच IPL 2026 का 17वां मैच खेला जा रहा है. इस मैच में पंजाब के खिलाडी वृंदावन नाव हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे हैं. हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी.

PBKS Players Wear Black Armbands: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच लीग स्टेज का 17वां मैच खेला जा रहा है. यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है. इस मैच में पंजाब किंग्स की टीम मैदान पर एक खास वजह से चर्चा में रही. टीम के सभी खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे. मैच शुरू होने के बाद पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट में काली पट्टी बांधने के कारण की पूरी जानकारी दी गई है.

वृंदावन में हुए हादसे के दुख में उठाया कदम

शुक्रवार 10 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के वृंदावन में एक बहुत दुखद नाव दुर्घटना हुई थी. इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई. रिपोर्ट के मुताबिक नाव पर दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे. इनमें सबसे अधिक संख्या पंजाब के तीर्थयात्रियों की थी. बताया गया कि नाव गहरे पानी में जाने के बाद एक ड्रम से टकरा कर पलट गई. पानी का स्तर बढ़ने पर एक अस्थायी पुल को वहां से हटाया गया था, लेकिन वह ड्रम वहीं रह गया था.

पंजाब किंग्स ने शोक जताते हुए दी श्रद्धांजलि

इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के समर्थन में पंजाब के खिलाड़ियों ने यह कदम उठाया. मृतकों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पूरी टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में हाथ पर काली पट्टी बांधी. पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह वृंदावन में हुई दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं. टीम ने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है और पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं. टीम ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की.

हैदराबाद के बल्लेबाजों ने बनाए 219 रन

मैच के खेल की बात करें तो पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए. हैदराबाद की टीम ने बेहद तूफानी शुरुआत की. उनके बल्लेबाजों ने शुरुआती 6 ओवर के पावरप्ले में ही टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया. हालांकि बीच के ओवरों में पंजाब ने रन बनाने की गति पर थोड़ा अंकुश जरूर लगाया, जिससे स्कोर 219 तक सीमित रह गया.

पंजाब के गेंदबाजों का साधारण प्रदर्शन

हैदराबाद के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स के गेंदबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक देखने को मिला. इस सीजन में अब तक पंजाब के गेंदबाज अपनी प्रतिभा के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. टीम को टूर्नामेंट में जो शुरुआती तीन जीत मिली हैं, उसमें मुख्य भूमिका टीम के बल्लेबाजों ने ही निभाई है. गेंदबाजी आक्रमण अभी भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, जिसे कप्तान श्रेयस अय्यर आने वाले मैचों में सुधारना चाहेंगे.

ये भी पढ़ें-

इरफान और भज्जी ने बताया वैभव सूर्यवंशी का सीक्रेट, जानें कैसे करते हैं बॉलर्स को टारगेट

PBKS vs SRH: फॉर्म में लौटे अभिषेक, पंजाब के खिलाफ लगाई फिफ्टी, अर्शदीप-वैशाक की कुटाई

वैभव सूर्यवंशी के पास बैठकर राजस्थान के मैनेजर ने चलाया फोन, क्या एक्शन लेगा बोर्ड?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >