वैश्वीकरण की प्रक्रिया में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. वीजा संबंधी नियमों की जटिलता और आवेदनों के निपटारे में देरी पर्यटकों की सुगम आवाजाही की राह में बडी बाधाएं हैं.
लेकिन इन समस्याओं को दूर करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोशिशों के सकारात्मक नतीजें सामने आने लगे हैं. रूस और मध्य एशिया के मौजूदा दौरे को जोड़ लें, तो खुद प्रधानमंत्री ने 25 देशों की यात्रएं की हैं. इन दौरों में उन्होंने न सिर्फ उन देशों में बसे भारतीय मूल के लोगों और भारतीयों से जीवंत संपर्क स्थापित किया, बल्कि विदेशियों के साथ भी सहजता दिखाई. इसके साथ ही बीते महीनों में उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रॉनिक वीजा और सुविधाओं की भी पहलें की हैं.
इस वर्ष जनवरी से मई महीने के बीच विदेशी पर्यटकों की संख्या पिछले साल के इन महीनों की तुलना में 3.6 फीसदी बढ़ी है. सिर्फ मई में यह बढ़ोतरी 9.2 फीसदी की है. इ-वीजा की सफलता का अनुमान इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष के पहले पांच महीनों में इस वीजा पर 1.10 लाख विदेशी भारत भ्रमण पर आये, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या महज 9,841 थी.
विदेशी पर्यटकों के आगमन से आमदनी में भी इजाफा हुआ है. उल्लेखनीय है कि इ-वीजा की सुविधा का सबसे अधिक लाभ अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देशों के पर्यटक उठा रहे हैं. इनके अलावा रूस, दक्षिण कोरिया, यूनाइटेड अरब अमीरात, जापान, सिंगापुर जैसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के लोग भी इ-वीजा का उपयोग कर रहे हैं. इस दौरान पर्यटकों से विदेशी मुद्रा की कमाई में चार फीसदी की बढ़त दर्ज की गयी है. सिर्फ मई में ही यह आंकड़ा 15 फीसदी का है.
भारत विदेशी पर्यटकों के लिए हमेशा से आकर्षण का केंद्र रहा है, पर हाल दिलचस्पी बढ़ने का बड़ा कारण केंद्र सरकार द्वारा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की इमारतों और स्थानों पर ध्यान देना भी है. पर्यटन पर जोर से देशी पर्यटकों के भ्रमण पर भी सकारात्मक असर पड़ा है. वर्ष 2014 के मई महीने से इस साल मई महीने के बीच एक अरब से अधिक लोगों ने घूमने-फिरने के इरादे से देश में आवाजाही की है.
जब हमारी अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में अपेक्षाकृत बढ़त नहीं है और आर्थिक चिंताएं बनी हुई हैं, पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें तेजी से विस्तार हो रहा है. उम्मीद है कि सरकार यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं और सुरक्षा पर समुचित ध्यान देकर पर्यटन को बढ़ावा देने की अपनी नीति को और कारगर बनायेगी.
