32.5 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र : पुलिस, एक्टर, एक्टिविस्ट सभी बने हैं यहां से सांसद

मनोज लाल/संजीव भारद्वाज लोक सेवा संघ पार्टी के भजोहरि महतो बने थे जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के पहले सांसद रांची /जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने यहां से मजदूर नेता सहित लगभग हर दलों के प्रत्याशियों को मौका दिया है. उन्हें जमशेदपुर का सांसद बनाया है. लोक सेवा संघ पार्टी से लेकर कांग्रेस, सीपीआइ, […]

मनोज लाल/संजीव भारद्वाज

लोक सेवा संघ पार्टी के भजोहरि महतो बने थे जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के पहले सांसद

रांची /जमशेदपुर : जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने यहां से मजदूर नेता सहित लगभग हर दलों के प्रत्याशियों को मौका दिया है. उन्हें जमशेदपुर का सांसद बनाया है. लोक सेवा संघ पार्टी से लेकर कांग्रेस, सीपीआइ, झारखंड मुक्ति मोरचा, भारतीय जनता पार्टी, झारखंड विकास मोर्चा, बीएलडी, जेएनपी सारी पार्टियों के प्रत्याशियों को को यहां से सांसद बनने का मौका मिला. यहां से सर्वाधिक पांच बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ने विजय हासिल की है. वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा व कांग्रेस के प्रत्याशियों को चार-चार बार मौका मिला है, जबकि जेवीएम से तब के उम्मीदवार डॉ अजय कुमार को भी एक बार यहां के मतदाताअों ने सांसद बनाया है. 1984 के बाद से कांग्रेस को यहां से सफलता नहीं मिली है.

लंबे समय से झारखंड मुक्ति मोर्चा व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी यहां से चुने जाते रहे हैं. बीच में एक बार वर्ष 2011 में झारखंड विकास मोर्चा के डॉ अजय कुमार यहां से सांसद बने. जमशेदपुर सीट से मजदूर नेताओं के साथ ही झारखंड आंदोलनकारी, कंपनी चलानेवाले, टीवी-फिल्म कलाकार, पुलिस अधिकारी, महिला सभी ने चुनाव लड़ा है. झारखंड आंदोलनकारी रहे शैलेंद्र महतो चुनाव लड़े भी और दो बार जीते भी. अभी भाजपा की इस सीट पर कब्जा है.

चर्चित चेहरे हारे भी और जीते भी : यहां से चर्चित चेहरे के रूप में माइकल जॉन 1952 में पहली आम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव में खड़े हुए थे, लेकिन वह लोक सेवा संघ पार्टी के भजो हरि महतो से चुनाव हार गये थे. यह मानभूम (साउथ) संसदीय क्षेत्र कहा जाता था.

इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर एक अन्य चर्चित चेहरे के रूप में रूसी मोदी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में 1998 में चुनाव लड़ा था. वह भाजपा की आभा महतो से चुनाव हार गये थे. वर्ष 1996 में तब महाभारत सीरियल में कृष्ण का पात्र निभानेवाले नीतीश भारद्वाज अचानक भाजपा की सीट से जमशेदपुर संसदीय सीट पर चुनाव लड़े. यहां के मतदाताअों ने इन्हें स्वीकार किया. वह जनता दल के इंदर सिंह नामधारी को हराने में सफल रहे थे.

जातीय समीकरण हावी रहा है यहां : यहां जातीय समीकरण हावी रहा है. चुनाव में खड़े होनेवाले प्रत्याशी व उनकी जीत के आंकड़े को देख कर यह स्पष्ट होता है कि सबसे ज्यादा यहां के संसदीय क्षेत्र से महतो प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है.

आम चुनाव व उप चुनाव को मिला कर कुल 18 बार चुनाव हुए हैं. इसमें से आठ बार महतो उम्मीदवार विजयी हुए हैं. सबसे पहले भजो हरि महतो फिर शैलेंद्र महतो, आभा महतो, सुनील कुमार महतो, सुमन महतो व विद्युतवरण महतो को जीत मिली है. शैलेंद्र महतो व आभा महतो दो-दो बार यहां से सांसद बनेे हैं.

तीन-तीन बार महिला सांसद भी हुईं यहां से : यहां की जनता ने महिला उम्मीदवारों को तीन-तीन बार सांसद बनाया है. सबसे पहले आभा महतो को 1998 में जीत हासिल हुई थी. वह भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ी थीं.

उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी रूसी मोदी को चुनाव हराया था. 1999 में भी आभा महतो ने कांग्रेस के घनश्याम महतो से चुनाव जीती थीं. यानी दो बार सांसद बनीं. उनके बाद 2007 में झामुमो की सीट से सुमन महतो जीत कर सांसद बनीं.

पति-पत्नी दोनों ने हासिल की जीत : जमशेदपुर संसदीय सीट पति-पत्नी का भी सीट रहा है. यहां से शैलेंद्र महतो व उनकी पत्नी आभा महतो तथा सुनील महतो व उनकी पत्नी सुमन महतो भी सांसद रही हैं.

शैलेंद्र महतो दो बार 1989 व 1991 में झामुमो के सीट से सांसद बने, जबकि उनकी पत्नी आभा महतो 1998 व 1999 में भाजपा की सीट से सांसद बनीं. सुनील महतो झामुमो की सीट से 2004 में सांसद बने. उनकी हत्या हो जाने के बाद उनकी पत्नी सुमन महतो 2007 में यहां से झामुमो की सीट पर सांसद बनीं.

निर्णायक होंगे बढ़े हुए मतदाता : 2014 के चुनाव की तुलना में इस बार 2,18,802 मतदाताआें की संख्या में बढ़ोतरी हुई है, जिनकी भूमिका 2019 के चुनाव में अहम होगी. अभी इस संसदीय क्षेत्र के कुल वोटर 1670371 हैं.

1952 से लेकर 2014 तक के विजेता-उप विजेता

चुनाव का वर्ष विजेता वोट मिले पार्टी हारे पार्टी

1952 भजो हरि महतो 85957 एलएसएस माइकल जॉन कांग्रेस

1957 एमके घोष 57063 कांग्रेस इरिक डिकोस्टा झापा

1962 उदय मिश्रा 75000 सीपीआइ एनसी मुखर्जी कांग्रेस

1967 एससी प्रसाद 75219 कांग्रेस यू मिश्रा सीपीआइ

1971 सरदार स्वर्ण सिंह 48073 कांग्रेस केदार दास सीपीआइ

1977 प्रताप षाड़ंगी 131419 बीएलडी वीजी गोपाल कांग्रेस

1980 रुद्र प्रताप षाड़ंगी 91847 जेएनपी वीजी गोपाल कांग्रेस

1984 गोपेश्वर 196965 कांग्रेस टीकाराम माझी सीपीआइ

1989 शैलेंद्र महतो 140006 झामुमो चंदन बागची कांग्रेस

1991 शैलेंद्र महतो 205296 झामुमो एपी सिंह भाजपा

1996 नीतीश भारद्वाज 221702 भाजपा इंदर सिंह नामधारी जद

1998 आभा महतो 296686 भाजपा रूसी मोदी निर्दलीय

1999 आभा महतो 285232 भाजपा घनश्याम महतो कांग्रेस

2004 सुनील महतो 396054 झामुमो आभा महतो भाजपा

2007 सुमन महतो 293003 झामुमो डॉ डी षाड़ंगी भाजपा

2009 अर्जुन मुंडा 319620 भाजपा सुमन महतो झामुमो

2011 डॉ अजय कुमार 255425 झाविमो डॉ डी गोस्वामी भाजपा

2014 विद्युत वरण महताे 4,64,153 भाजपा डॉ अजय कुमार झाविमाे

जमशेदपुर संसदीय सीट : एक नजर

सामान्य सीट, छह विधानसभा क्षेत्र, विधानसभा की तीन सीट सामान्य, दो सीट एसटी, एक सीट एससी

कुल मतदाता : 1670371, पुरुष : 855831 महिला : 814481 थर्ड जेंडर : 59

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

अन्य खबरें