38.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

Advertisement

अंतरजातीय प्रेम विवाह में प्रियंका की गयी जान

दुखद. विष्णुपुर मुहल्ले में मिट्टी के नीचे से बरामद हुआ युवती का शव बेगूसराय : नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर वार्ड नंबर 40 स्थित एक खेत में मिट्टी के नीचे से एक युवती का शव सोमवार की सुबह बरामद हुआ. इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पाकर नगर थाने की पुलिस घटनास्थल […]

दुखद. विष्णुपुर मुहल्ले में मिट्टी के नीचे से बरामद हुआ युवती का शव

बेगूसराय : नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर वार्ड नंबर 40 स्थित एक खेत में मिट्टी के नीचे से एक युवती का शव सोमवार की सुबह बरामद हुआ. इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना पाकर नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गयी. पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने गड्डे खोदकर युवती का शव बाहर निकाला, तो देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
शव की पहचान करने के लिए पुलिस से आमलोग तक एक-दूसरे से संपर्क साधते रहे. घंटों बाद शव की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी एघु निवासी सुधीर मिश्रा की 24 वर्षीया पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में की गयी. शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पहचान की है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रेम-प्रसंग में अंतरजातीय विवाह करने पर प्रेमी पति और उसके घरवालों ने प्रियंका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को ट्रस्ट की जमीन में दफना दिया.
बताया जा रहा है कि उक्त मुहल्ले से बीती रात ई-रिक्शे से चार बैटरियां चोरी हो गयी थीं. बैटरी खोजने के दौरान लोग खेत में मिट्टी की ऊंचाई देखा तो उन्हें आशंका हुई कि चोरों ने खेत में ही बैटरियों को गाड़ दिया है. कुदाल से मिट्टी हटायी तो युवती का बाल और हाथ दिखा तो वे सभी स्तब्ध रह गये.
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस पहुंचने पर पुन: मिट्टी खोद कर शव को निकला गया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. साथ ही अपराधियों की धर-पकड़ में जुटी हुई है.
फेसबुक पर हुआ था प्रियंका को प्यार
सूत्रों ने बताया कि पढ़ाई-लिखाई के बाद प्रियंका झारखंड के रांची में एक कंपनी में जॉब करती थी. फेसबुक के जरिये प्रियंका को गांव के ही बड़े घराने के बेटे कुणाल से प्रेम हो गया. कुणाल भी रांची में ही पढ़ाई करता था. दोनों के बीच नजदीकी बढ़ती गयी. प्रेम परवान चढ़ता गया और 04 अगस्त, 2017 को रांची के एक मंदिर में स्वेच्छा शादी रचा ली. अंतरजातीय व गरीब परिवार से आने वाली प्रियंका को उसकी ससुराल वालों ने बहू मानने से न सिर्फ इन्कार कर दिया बल्कि घर में रहने भी नहीं दिया.
कुछ माह तक कुणाल ने रांची के किराये के कमरे में रहकर दांपत्य जीवन गुजारा. फिर झांसा देकर प्रियंका को दिल्ली भेज दिया व खुद घर बेगूसराय लौट आया. कुणाल चोरी-छिपे दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा था कि इसकी भनक प्रियंका को लग गयी. प्रियंका दिल्ली से सीधे नगर थाना पहुंची तो आपबीती पुलिस को सुनायी. पुलिस से हस्तक्षेप से शादी रुक गयी.
इसके बाद दोनों में दरारें उत्पन्न हो गयीं.
पुलिस करती कार्रवाई, तो बच सकती थी जान
प्रियंका ने अपना घर बसाने के लिए पुलिस से गुहार लगायी. प्रेम जाल में फंसा कर शादी कर यौनशोषण व दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संगीन आरोप लगाते हुए प्रेमी पति कुणाल व उसके पिता सहित अन्य ससुराल वालों को आरोपित किया था. लेकिन महीनों बीतने के बाद पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी. नतीजा हुआ कि उसकी हत्या कर दी गयी. लोगों का कहना था कि यदि पुलिस कार्रवाई करती तो प्रियंका की जान बच सकती थी.
सूत्रों ने बताया कि प्रियंका ने इंसाफ के लिए डीआइजी से लेकर एसपी तक गुहार लगायी. परंतु प्रियंका की गुहार व चीख दब कर रह गयी. पुलिस न तो प्रियंका को सुरक्षा दे पायी और न ही नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर सकी. इसी बीच उसकी हत्या की खबर मिलते ही पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर कटघरे में आ गयी है.
परिजनों ने प्रियंका के रूप में शव की पहचान करने का किया दावा
04 अगस्त, 2017 को रांची के एक मंदिर में स्वेच्छा से रचायी थी शादी
ससुरालवालों ने प्रियंका को बहू मानने से किया था इन्कार
प्रियंका ने इंसाफ के लिए डीआइजी से लेकर एसपी तक लगायी थी गुहार
प्रियंका की हत्या के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
क्या कहते हैं अधिकारी
मामले की जांच की जा रही है. दोषी व्यक्तियों को किसी भी कीमत में बख्शा में नहीं जायेगा. पुलिस ऑपरेशन में जुटी है.
आदित्य कुमार, एसपी, बेगूसराय.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें