Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 8 मई को मध्य प्रदेश में जबकि अगले 3 दिनों तक विदर्भ व छत्तीसगढ़ में मौसम बदला रहेगा. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ में गरज-चमक, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है. अगले 3 दिनों तक महाराष्ट्र में मौसम थोड़ा बदला रहेगा. कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ में यहां भी 40-50 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है.
बंगाल में बारिश के आसार
8 से 13 मई के बीच अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब रह सकता है. 9 मई तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार वाला इलाका) और सिक्किम में जबकि 8 व 10 मई को गंगा क्षेत्र वाले पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद वाला इलाका) में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
बिहार और ओडिशा में बारिश की संभावना
8 से 11 मई के बीच बिहार और ओडिशा में मौसम बदला रहेगा. यहां के कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और 30-50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में अगले 6 दिनों तक मौसम ज्यादातर साफ रहने का अनुमान है. 8 से 10 मई तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी. अधिकतम तापमान 34 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. 11 से 13 मई के बीच फिर से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा.
झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 8 से 13 मई के दौरान खासकर उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है. मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है. वहीं, तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
8 से 11 मई 2026 के दौरान राजस्थान में मौसम ज्यादातर गर्म और शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 42.8°C और न्यूनतम 21°C तक रह सकता है. कई इलाकों में सामान्य से 3–5°C अधिक गर्मी और हीटवेव की स्थिति बन सकती है. बीच-बीच में आंशिक बादल और कुछ जगह हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ आंधी भी चल सकती है.
