Vande Bharat Train: जम्मू-कश्मीर में बने चिनाब ब्रिज पर जब वंदे भारत ट्रेन तेज रफ्तार से गुजरी तो नजारा बेहद खास था. ट्रेन ने इस सेक्शन पर करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार छुई. यह पहली बार है जब वंदे भारत ने इस रेल मार्ग पर इतनी तेज गति से सफर किया.
रेलवे मंत्रालय ने बढ़ाई अधिकतम रफ्तार
नॉर्दर्न रेलवे के जम्मू डिवीजन में श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे नए ब्रॉड गेज रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार बढ़ाने की मंजूरी रेलवे मंत्रालय ने दी थी. नई मंजूरी के बाद इस पूरे रेल सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम तय रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है.
पहले कितनी थी ट्रेनों की रफ्तार?
इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी कटरा से संगलदान के बीच ट्रेनों की अधिकतम तय रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटा थी. वहीं संगलदान से बनिहाल सेक्शन पर ट्रेनें अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती थीं. अब रफ्तार बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने से इस मुश्किल पहाड़ी रेल मार्ग पर ट्रेन संचालन और तेज हो सकेगा.
रेलवे ने बताया भारत का गौरव
नॉर्दर्न रेलवे ने वंदे भारत का वीडियो साझा करते हुए इस उपलब्धि को भारत के लिए गर्व का पल बताया. ऊंचे पहाड़ों के बीच बने चिनाब ब्रिज और चुनौतीपूर्ण रेल मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ती वंदे भारत देश के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी उपलब्धि है.
Also Read: Video: 11000 KM तक साइकिल के एक पहिये से सफर, केरल से नेपाल क्यों जा रहे सनीद?
