अमेरिकी सिंगर और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत उन लोगों की आलोचना की है, जो मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले एक कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के शामिल होने की बात कही गई है. मिलबेन ने आरोप लगाया कि भागवत के विरोध की वजह राजनीतिक है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के प्रति विरोध की भावना के कारण इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं.
“ममदानी और ये सभी समाजवादी लोग मोहन भागवत के मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) कार्यक्रम का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी का विरोध करते हैं.”- मैरी मिलबेन
मिलबेन ने कहा कि मैडिसन स्क्वायर गार्डन ऐसे राजनीतिक विरोध की बजाय व्यावसायिक नियमों के आधार पर काम करता है, इसलिए कार्यक्रम होगा. उन्होंने ममदानी को सलाह दी कि अगर वे मोदी के खिलाफ रैली करना चाहते हैं तो खुद फंड जुटाकर आयोजन करें.
ये भी पढ़ें: RSS चीफ मोहन भागवत बोले- Gen Z देश विरोधी नहीं, सबसे ईमानदार पीढ़ी है; भरोसा करना हो तो मैं युवाओं पर करूंगा
भागवत के विरोधियों की राजनीतिक विचारधारा पर सवाल उठाते हुए मिलबेन ने कहा, “ये लोग समाजवाद की विचारधारा को मानते हैं, इसलिए वे पूंजीवाद को नहीं समझते.”
ये भी पढ़ें: लिव-इन रिलेशनशिप पर बोले मोहन भागवत: 'पश्चिम की अंधी नकल कर रहा समाज'
न्यूयॉर्क में मोहन भागवत का कार्यक्रम, हिंदू-अमेरिकी समुदाय के लोग होंगे शामिल
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. आयोजकों ने इसे ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ नाम दिया है. इसमें हिंदू-अमेरिकी समुदाय के लोग शामिल होंगे. ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ के अनुसार, कई हिंदू-अमेरिकी संगठन इस आयोजन का समर्थन कर रहे हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य साझा विरासत और अलग-अलग धर्मों के बीच एकता को बढ़ावा देना है.
