TVK Government Formation: तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया है. टीवीके को कांग्रेस के बाद तीन दलों का समर्थन मिल रहा है. थलपति विजय को कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) और विदूतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) का समर्थन भी मिल रहा है. टीवीके नेता कामराज ने इसका जानकारी देते हुए कहा- टीवीके पूर्ण बहुमत हासिल करने जा रही है. विजय आज राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. हमें सीपीआई, सीपीआई (एम) और वीसीके का समर्थन मिल गया है.
कितनी हो जाएगी समर्थकों की संख्या
टीवीके इन तीनों दलों के समर्थन के बाद बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी. विजय की पार्टी के पास अपने 108 विधायक हैं. कांग्रेस के पांच विधायक मिलने के बाद आंकड़ा 113 हो जाता है. सरकार बनाने के लिए टीवीके को 118 विधायकों के समर्थन की जरूरत है. ऐसे में सीपीआई के दो विधायक, सीपीएम के दो विधायक और वीसीके के भी दो विधायक के समर्थन के बाद कुल समर्थक विधायकों की संख्या 119 हो जाएगी, सरकार बनाने के जरूरी आंकड़े से एक ज्यादा है.
खरगे ने की थी सीपीएम से समर्थन देने की अपील
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) महासचिव डी राजा से आग्रह किया ता कि वाम दल तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के नेतृत्व में धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने में सहयोग करें. खरगे ने गुरुवार (7 मई) को राजा से फोन पर बात की थी.
विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी
तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में तमिलगा वेत्री कषगम ने 108 सीट जीतीं है. इसके अलावा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) को 59, अन्ना द्रमुक (AIADMK) 47, कांग्रेस- पांच, पीएमके को 4, आईयूएमएल को दो, भाकपा को दो, माकपा को दो और वीसीके को दो सीटें मिलीं हैं. जबकि, भारतीय जनता पार्टी , डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट मिली है.
Also Read: मणिशंकर अय्यर ने कहा-कांग्रेस-टीवीके गठबंधन अवसरवादी राजनीति का उदाहरण
