कर्नाटक के विजयपुरा शहर की भूतनाल झील में बुधवार को छह शव तैरते हुए मिले. पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार महिलाएं और दो लड़के शामिल हैं. अभी तक किसी की पहचान नहीं हो सकी है.
मौत की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस के अनुसार, छह लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस हादसे में डूबने और आत्महत्या समेत कई संभावनाओं की जांच कर रही है. एक आशंका यह भी जताई गई है कि ये लोग झील देखने के दौरान फिसलकर पानी में गिर गए होंगे. हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: यूपी हिजाब विवाद पर मायावती और ओवैसी आमने-सामने, हाईकोर्ट के फैसले को लेकर बढ़ी सियासी बहस
पुलिस ने शुरू की जांच
शव मिलने की सूचना के बाद डीएसपी नागराज, आदर्श नगर थाने के PSI सीताराम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. इसके लिए आसपास के इलाकों में हाल में दर्ज हुई लापता लोगों की शिकायतों की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: गोड्डा में कैंसर के इलाज का सपना, 20 साल में खंडहर बना भवन; न डॉक्टर आए, न शुरू हुआ इलाज
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह और परिस्थितियों का पता चल सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
