मौसम का डबल अटैक, कहीं लू का कहर, तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट

Rain and Heatwave Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक ओर कई राज्यों में भीषण लू का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कई जगहों पर आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. आने वाले दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का डबल अटैक दिख सकता है.

Rain and Heatwave Alert: देश के अलग-अलग इलाकों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू उष्ण लहर (हीटवेव) का जोरदार असर दिख सकता है. हालांकि इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना जताई गई है. 26 से 27 उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने की प्रबल संभावना है. वहीं राजस्थान में 26 अप्रैल को लू चल सकती है.

बारिश के साथ तूफानी हवा का अलर्ट

वहीं दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बिल्कुल विपरीत रहने वाला है. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में इस सप्ताह व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना है. गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है.

बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश

पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 26 अप्रैल से 1 मई के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. झारखंड में खासतौर पर 26 से 28 अप्रैल के दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है, जो कहीं-कहीं बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. कुछ जगहों पर आंधी चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना है.

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी

उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

एमपी-छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ तूफानी हवा

मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी 27 से 29 अप्रैल के बीच मौसम सक्रिय रहेगा और बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी. दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.

Also Read: सुपौल-मधुबनी में झमाझम बारिश, 18 जिलों में अलर्ट, अगले 4 दिन कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >