Rain Alert: उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 29 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान गरज और बिजली के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हवा की गति 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी 26 से 29 अप्रैल के बीच बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. यह मौसम बदलाव गर्मी से कुछ राहत जरूर देगा, लेकिन अचानक आने वाली आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
उत्तर-पूर्व भारत में भारी से बहुत भारी बारिश
उत्तर-पूर्व भारत में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 25 से 29 अप्रैल के दौरान जोरदार बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है. 25 से 27 अप्रैल के बीच 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जो झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पूर्वी भारत में गरज, बारिश और ओलावृष्टि
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम अगले दो तीन दिनों तक काफी एक्टिव रह सकता है. 24 से 29 अप्रैल के बीच इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है. झारखंड में 26 और 27 अप्रैल को ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी गई है. वहीं बिहार और पश्चिम बंगाल में तेज हवा के झोंके 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक जा सकते हैं.
मध्य और दक्षिण भारत में भी असर
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी 26 और 27 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
Also Read: आज से बदलेगा झारखंड का मौसम, कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट
