राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- ट्रंप के फरमान पर इजराइल गये पीएम मोदी

Rahul Gandhi: तमिलनाडु दौरे में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर इजराइल दौरा किया था. राहुल ने कहा बीजेपी तमिलनाडु में नियंत्रित सरकार चाहती है, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी.

Rahul Gandhi: तमिलनाडु दौरे के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कहने पर इजराइल का दौरा किया था. राहुल गांधी ने कन्याकुमारी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ईरान युद्ध से पहले अचानक प्रधानमंत्री मोदी को इजराइल जाने के लिए कहा गया और वह तुरंत वहां गए तथा लौट आए. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी से कुछ भी करने को कहेंगे, तो वे वैसा ही करेंगे. राहुल गांधी ने दावा किया कि इसके पीछे एप्स्टीन फाइल और अदाणी जैसे मुद्दे कारण हो सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि डोनाल्ड ट्रंप सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि जब वह प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं तो वह कॉल उठाते हैं और उन्हें ‘सर’ कहकर संबोधित करते हैं. हालांकि, केंद्र सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. सरकार ने जेफ्री एप्स्टीन मामले से जुड़ी फाइलों में प्रधानमंत्री मोदी के संदर्भों को एक दोषी अपराधी के तुच्छ विचार और कयास बताया गया है, जिनका कोई आधार नहीं है.

राहुल गांधी का आरोप- पीएम मोदी चाहते हैं कि उन्हें भी सीएम स्टालिन सर कहें

राहुल गांधी ने लोगों से कहा- इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से अपेक्षा करते हैं कि वह उनके अधीन रहें और उन्हें ‘सर’ कहकर संबोधित करें. उन्होंने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कभी भी पीएम मोदी को ‘सर’ कहकर संबोधित नहीं करेंगे, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक का मुख्यमंत्री चाहते हैं ताकि वह फोन उठाकर कह सकें, ‘जी सर, मैं आपके लिए क्या कर सकता हूं?’ राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा तमिलनाडु में ऐसी सरकार चाहती है जिस पर उसका पूर्ण नियंत्रण हो, एक ऐसा मुख्यमंत्री जो वही करे जैसा करने को कहा जाए.

तमिलनाडु में नहीं बनाने देंगे बीजेपी को सरकार- राहुल गांधी

बीजेपी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा- बाजपा के चाहे जो भी सपने हों, वे कभी भी तमिलनाडु की जनता या सरकार को नियंत्रित नहीं कर पाएंगे, और हम भाजपा को राज्य में ऐसी सरकार बनाने की अनुमति कभी नहीं देंगे जिसे वे नियंत्रित कर सकें. कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाकर उनकी कुर्सी पर भाजपा नेता सम्राट चौधरी को बैठाया गया. राहुल ने आरोप लगाया कि ‘नीतीश कुमार झुक गए’ इसलिए उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा और चुपचाप राज्यसभा चले गए. उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के पुराने कृत्यों ने भाजपा को उन पर पूरी तरह नियंत्रण करने का मौका दे दिया और बीजेपी बिहार की तरह ही तमिलनाडु में भी वही करना चाहते हैं.

आरएसएस पर राहुल गांधी ने बोला हमला

आरएसएस-बीजेपी पर हमला करते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि इन दोनों का मानना है कि भारत ‘एक लोग, एक संस्कृति, एक धर्म और एक भाषा’ वाला देश होना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि आरएसएस मूल रूप से ‘तमिल विरोधी, द्रविड़ विरोधी संगठन’ है. उन्होंने कहा कि अन्नाद्रमुक में ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने तमिलों की रक्षा की, और तमिलनाडु के लोगों की सेवा करने वाली पुरानी पार्टी (अन्नाद्रमुक) अब अस्तित्व में नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान अन्नाद्रमुक खोखली हो चुकी है. (इनपुट भाषा)

Also Read: कन्याकुमारी में गरजे राहुल गांधी, कहा- AIADMK ने BJP के आगे टेके घुटने, RSS पर भी साधा निशाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >