क्या पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की होगी छुट्टी? भूपेश बघेल ने सुना दिया फैसला

Punjab Congress: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान जारी है. इस बीच शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने समर्थकों के साथ पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात की. यह बैठक वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत के आवास पर हुई, जहां भूपेश बघेल दोपहर करीब सवा 12 बजे पहुंचे थे. इस बैठक में चन्नी के अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, भारत भूषण आशु, तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा और गुरप्रीत सिंह कांगड़ जैसे कई दिग्गज नेता मौजूद रहे.

Punjab Congress: बैठक खत्म होने के बाद जब भूपेश बघेल से मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बदलने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है. साथियों ने कुछ मुद्दे उठाए हैं, जिन्हें मैं हाईकमान तक पहुंचाऊंगा. पार्टी में कोई भी नाराज नहीं है."

कोई उम्मीदवार जीतने की काबिलियत रखता है, तो उसे टिकट मिलेगा : बघेल

टिकट वितरण के सवाल पर बघेल ने स्पष्ट किया, "राणा गुरजीत एक वरिष्ठ नेता हैं, उन्होंने हमें बुलाया था. मैंने सभी साथियों से मुलाकात की और उनकी राय जानी. हाईकमान के फैसले पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है. मैंने सभी को भरोसा दिलाया है कि सबके हितों का ध्यान रखा जाएगा। किसी भी नेता को इसलिए नुकसान नहीं होगा कि उसे किसी बड़े नेता का समर्थन प्राप्त नहीं है. अगर कोई उम्मीदवार जीतने की काबिलियत रखता है, तो उसे निश्चित रूप से टिकट मिलेगा."


"हमें समझौता करने वाले नेताओं की जरूरत नहीं" : सुखजिंदर सिंह रंधावा

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, "हमारी बातचीत सार्थक रही. हमने माना कि कभी-कभी पार्टी को अपने कुछ फैसले बदलने पड़ते हैं. आज की लीडरशिप के सामने हमारी मांग बिल्कुल साफ है—हम पंजाब में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं और कानून-व्यवस्था व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को हल करना चाहते हैं. इसके लिए पार्टी में एकजुटता जरूरी है, लेकिन हमें ऐसे नेताओं की भी जरूरत है जो बेबाकी और मजबूती से अपनी बात रखें. हमें समझौता करने वाले नेताओं की जरूरत नहीं है."

क्या वडिंग को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने से नाराज हैं चन्नी?

जब सांसद चरणजीत सिंह चन्नी से नेतृत्व परिवर्तन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने खुलकर जवाब नहीं दिया और सिर्फ इतना कहा, "यह पहले ही तय हो गया था." वहीं, बैठक से पहले जब उनसे सवाल किया गया था कि क्या वे राजा वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्वीकार करते हैं, तब चन्नी का कहना था कि सभी मुद्दों पर बैठक के अंदर चर्चा होगी. कांग्रेस ने 1 जुलाई 2026 को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ही पंजाब इकाई के अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि चन्नी को चुनाव प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष न बनाए जाने के कारण चन्नी के खेमे में नाराजगी देखी जा रही है.


ये भी पढ़ें: असम में बहुविवाह पर करारा वार, अब दूसरी शादी करने वालों को नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >