Gungi Gudiya Remark : मुंबई में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार को लेकर कांग्रेस की ओर से कथित तौर पर 'गूंगी गुड़िया' कहे जाने के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है. मंगलवार को एनसीपी कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से माफी मांगने की मांग की. इस पूरे विवाद पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला.
कांग्रेस कार्यालय में NCP कार्यकर्ताओं का हंगामा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एनसीपी नेता सूरज चव्हाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुंबई स्थित गांधी भवन पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने हर्षवर्धन सपकाल माफी मांगो के नारे लगाए. घटना के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में घुसकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की.
कांग्रेस ने एक्स डॉट कॉम पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी कार्यालय में इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पार्टी ने आरोप लगाया कि एनसीपी नेतृत्व को बताना चाहिए कि इस तरह का हंगामा किसके इशारे पर कराया गया.
'गूंगी गुड़िया' टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोमवार को X पर एक वीडियो साझा किया था. वीडियो में एनसीपी नेता धनंजय मुंडे कथित तौर पर बीड जिले की कानून-व्यवस्था पर पूछे गए सवाल से सुनेत्रा पवार को बचाते नजर आए. इसी पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा था, "सुनेत्रा पवार आखिर कब तक 'गूंगी गुड़िया' बनी रहेंगी?" इसके बाद एनसीपी ने इस टिप्पणी को महिलाओं का अपमान बताते हुए विरोध शुरू कर दिया.
फडणवीस ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा, "कांग्रेस सिर्फ प्रचार पाने के लिए बहुत निचले स्तर की राजनीति पर उतर आई है. अब कोई उनकी ओर देख भी नहीं रहा."
इसी दौरान फडणवीस ने मुंबई पुलिस के कथित पेरोल घोटाले पर कहा कि यह वर्ष 2020 का मामला है और इसकी जांच पहले से चल रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों पर ऑडिट की मांग को लेकर फडणवीस ने कहा कि जहां भी संदेह और पर्याप्त साक्ष्य होंगे, वहां जांच जरूर होगी और उसी दिशा में कार्रवाई की जा रही है.
Also read : सैनिक स्कूलों में RSS की भूमिका पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल, रक्षा समिति ने मांगे सबूत
