मोहन भागवत ने मुसलमान, ईसाई सहित सभी संप्रदायों का RSS में किया स्वागत

Mohan Bhagwat: बेंगलुरु में संघ की 100 साल की यात्रा को संबोधित करते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी. उन्होंने संघ में मुसलमान, ईसाई सहित संप्रदाय के लोगों का स्वागत किया. हालांकि इसके लिए उन्होंने कुछ शर्तें भी रख दी. उन्होंने कहा- सभी संप्रदाय के लोग संघ में आ सकता है, लेकिन अपनी पृथकता को बाहर रखना होगा. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी करारा जवाब दिया. साथ ही पाकिस्तान को भी चेतावनी दे डाली.

Mohan Bhagwat: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ मुस्लिम, ईसाई सहित सभी समुदायों का स्वागत करता है, जब तक कि वो खुद को भारत माता के पुत्र और व्यापक हिंदू के रूप में पहचानते हैं. उन्होंने कहा- “संघ में किसी ब्राह्मण को अनुमति नहीं है, किसी अन्य जातियों को अनुमति नहीं है. संघ में किसी मुसलमान और ईसाई को अनुमति नहीं है. केवल हिंदुओं को अनुमति है. इसलिए कोई भी समुदाय के लोग संघ में आ सकते हैं, लेकिन उन्हें अपनी पृथकता को बाहर छोड़ना होगा.” उन्होंने आगे कहा- मुसलमान और ईसाई भी संघ में आते हैं. हिंदू कहलाने वाली अन्य सभी जातियां भी शाखा में आती हैं. लेकिन हम गिनती नहीं करते हैं और न ही पूछते हैं कि वो कौन हैं. हम सभी भारत माता के पुत्र हैं.

RSS को व्यक्तियों के निकाय के रूप में मान्यता प्राप्त है: भागवत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बिना पंजीकरण के काम करने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेताओं पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि उनके संगठन को व्यक्तियों के निकाय के रूप में मान्यता प्राप्त है. भागवत ने एक सवाल के जवाब में पूछा, ‘‘आरएसएस की स्थापना 1925 में हुई थी, तो क्या आप उम्मीद करते हैं कि हम ब्रिटिश सरकार के पास पंजीकरण कराते?’’ उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत सरकार ने पंजीकरण अनिवार्य नहीं बनाया. भागवत ने स्पष्ट किया, ‘‘हमें व्यक्तियों के निकाय के रूप में वर्गीकृत किया गया है और हम मान्यता प्राप्त संगठन हैं.’’ उनके अनुसार, आयकर विभाग और अदालतों ने आरएसएस को व्यक्तियों का एक निकाय माना है और संगठन को आयकर से छूट दी गई है.

भारतीय तिरंगे को मान्यता नहीं देने के मुद्दे पर क्या बोले मोहन भागवत

RSS पर केवल भगवा ध्वज का सम्मान करने और भारतीय तिरंगे को मान्यता नहीं देने के आरोप पर भागवत ने कहा कि आरएसएस में भगवा को गुरु माना जाता है, लेकिन वह भारतीय तिरंगे का बहुत सम्मान करता है. आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘हमने हमेशा अपने तिरंगे का सम्मान किया और उसकी रक्षा की है.’’

मल्लिकार्जुन खरगे ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल में कहा था कि आरएसएस पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए. उनके बेटे और कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खरगे ने सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर आरएसएस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी.

पाकिस्तान को उसी की भाषा में देना होगा जवाब : मोहन भागवत

पाकिस्तान के बारे में पूछे जाने पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि वे कोई और भाषा समझते हैं. हमें पाकिस्तान को समझाना चाहिए. इसलिए हमें वही भाषा बोलनी होगी जो वे समझते हैं. हमें उनके बार-बार के प्रयासों के लिए तैयार रहना होगा. हमें उन्हें करारा जवाब देना होगा, उन्हें हर हाल में हराना होगा, हर बार उन्हें इतना नुकसान पहुंचाना होगा कि उन्हें बाद में पछताना पड़े…जब ऐसा ही चलता रहेगा, तो एक दिन पाकिस्तान को समझ आ जाएगा. हम चाहते हैं कि वे इसे समझें और फिर वे हमारे एक बहुत ही शांतिपूर्ण पड़ोसी बन जाएं. अपनी प्रगति के साथ, हम उन्हें भी प्रगति करने देंगे. यही हमारा शांतिपूर्ण इरादा है.”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >