Karnataka: कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने डीके शिवकुमार को 3 जून को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया है. इस दौरान निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी राज्यपाल से मुलाकात करने राजभवन पहुंचे थे.
विधायक दल ने सर्वसम्मति से डीके शिवकुमार को चुना अपना नेता
डीके शिवकुमार को शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से अपना नेता चुना. कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया, कांग्रेस आलाकमान ने कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का सुझाव दिया. सिद्धारमैया जी ने विधायक दल के नए नेता के रूप में डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा. डॉ जी परमेश्वर ने इसका समर्थन किया. CLP ने सिद्धारमैया द्वारा प्रस्तावित नाम को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया. मैं गर्व के साथ यह घोषणा करना चाहता हूं कि विधायक दल ने सर्वसम्मति से डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना है.
डीके शिवकुमार के नेतृत्व में कर्नाटक में 2028 में फिर सत्ता में लौटेगी कांग्रेस : केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक में डीके शिवकुमार के नेतृत्व में पार्टी एक बार फिर से सत्ता में लौटेगी. विधायक दल की बैठक के बाद वेणुगोपाल ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कर्नाटक में सत्ता का सुचारू हस्तांतरण हुआ है. उन्होंने कहा, कर्नाटक में शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में सिद्धरमैया के समर्थन के साथ एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी.
